भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली न्यूजीलैंड के खिलाफ बेंगलुरु टेस्ट में फ्लॉप साबित हुए। भारतीय बल्लेबाजों ने नौ गेंदों का सामना किया लेकिन वह खाता भी नहीं खोल सके। कोहली ऐसे समय पर आउट हुए जब टीम को उनकी जरूरत थी। कोहली भले ही बेंगलुरु में खाता न खोल पाए हो लेकिन उन्होंने एक बड़ा रिकॉर्ड जरूर अपने नाम कर लिया।
प्लेइंग इलेवन में शामिल होते ही विराट कोहली ने बनाया रिकॉर्ड
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस के बाद जब प्लेइंग इलेवन का ऐलान किया तो विराट कोहली के नाम बड़ा रिकॉर्ड हो गया। ऐसा रिकॉर्ड जहां अब वह महेंद्र सिंह धोनी से आगे निकले वहीं अब उनके आगे केवल महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर है।
विराट कोहली अब भारत के लिए सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले दूसरे बल्लेबाज हैं। बेंगलुरु टेस्ट कोहली के अंतरराष्ट्रीय करियर का 536वां मुकाबला है। इस मैच से पहले वह भारत के लिए सबसे ज्यादा मुकाबले खेलने के मामले में महेंद्र सिंह धोनी की बराबरी पर थे जिन्होंने 535 मैच खेले हैं। हालांकि अब कोहली संन्यास ले चुके धोनी से आगे निकल चुके हैं।
सचिन तेंदुलकर हैं सबसे आगे
इस लिस्ट में विराट कोहली के आगे हैं सचिन तेंदुलकर। भारत के लिए सचिन तेंदुलकर ने 664 मैच खेले हैं। इन 664 मैचों में उनके नाम 34357 रन हैं। सचिन 201 विकेट भी ले चुके हैं। सचिन ने सबसे ज्यादा 100 शतक लगाए हैं। कोहली की बात करें तो 535 मैचों में उनके नाम 27041 रन हैं। उन्होंने 80 शतक लगाए हैं। वहीं धोनी ने 535 मैचों में 17092 रन बनाए जिसमें 15 शतक शामिल हैं।
विराट कोहली बल्ले कर रहे हैं संघर्ष
विराट कोहली बल्ले से संघर्ष करते हुए नजर आ रहे हैं। पिछले 10 मैचों में उन्होंने केवल एक ही अर्धशतक लगाया है। बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में उन्होंने पहली पारी में छह और दूसरी पारी में 17 रन बनाए। दूसरे मैच में उनके बल्ले से पहली पारी में 47 और दूसरी पारी में 29 रन निकले। वहीं कीवी टीम के खिलाफ पहले टेस्ट की पहली पारी में वह खाता भी नहीं खोल पाए।