हिंदुस्तान का मिशन चंद्रयान- 3 सफल हो गया है। बुधवार को लैंडर मॉड्यूल सफलतापूर्वक चंद्रमा की सतह पर उतर गया। इसी के साथ भारत के वैज्ञानिकों ने अंतरिक्ष की कक्षा में एक नया इतिहास रच दिया। भारतीय वैज्ञानिकों की इस उपलब्धि को पूरा देश सेलिब्रेट कर रहा है और हर कोई अपने-अपने तरीके से इसकी खुशी भी जाहिर कर रहा है। इस बीच मुंबई इंडियंस ने चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग को सीधे भारत के इस साल वर्ल्ड कप जीतने से जोड़ दिया है।
मुंबई इंडियंस का क्या है वर्ल्ड कप लोडिंग कनेक्शन?
दरअसल, मुंबई इंडियंस ने ट्विटर पर एक फोटो पोस्ट की है। इस फोटो का एक हिस्सा साल 2019 का है और दूसरा हिस्सा 2023 का है। फोटो में सबसे उपर इसरो के पूर्व प्रमुख के सिवन नजर आ रहे हैं तो वहीं दूसरे हिस्से में रोहित शर्मा की फोटो है। 2019 में मिशन चंद्रयान 2 जब विफल रहा था तो के सिवन भावुक हुए थे। उसी साल भारत विश्व कप के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड से हार गया था। मुंबई इंडियंस ने 2019 की इन दोनों घटनाओं को कनेक्ट किया है।
भारत जीतेगा विश्व कप ?
इसके बाद फोटो के निचले हिस्से में इसरो के वर्तमान प्रमुख एस सोमनाथ नजर आ रहे हैं। उनकी यह फोटो मिशन चंद्रयान 3 की सफलता के बाद की है। अब मुंबई इंडियंस के ट्वीट का अर्थ यह है कि जब 2019 में चंद्रयान 2 मिशन फेल हुआ था तो टीम इंडिया भी उस साल विश्व कप से बाहर हो गई थी, लेकिन 4 साल बाद फिर से वहीं मौका आया है तो क्या अब विश्व कप में भारतीय टीम चैंपियन बन पाएगी?
बतौर कप्तान पहला वर्ल्ड कप खेलेंगे रोहित
इस बार का विश्व कप भारत की मेजबानी में ही खेला जाना है। क्रिकेट के महाकुंभ का आगाज 5 अक्टूबर से होगा। टीम इंडिया वर्ल्ड कप के लिए प्रबल दावेदार मानी जा रही है। रोहित शर्मा का बतौर कप्तान यह पहला वर्ल्ड कप होगा। 2019 में टीम इंडिया विराट कोहली की कप्तानी में खेली थी, लेकिन सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के हाथों हारकर बाहर हो गई थी।