इंडियन प्रीमियर लीग 2025 (IPL 2025) में मुंबई इंडियंस (MI) ने रविवार को वानखेड़े स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ साउथ अफ्रीकी ऑलराउंडर कॉर्बिन बॉश को डेब्यू का मौका दिया। बॉश ने प्लेइंग इलेवन में चोटिल मिशेल सेंटनर की जगह ली। उन्होंने बल्ले और गेंद से अच्छा प्रदर्शन किया।

मुंबई इंडियंस ने कॉर्बिन बॉश को हमवतन लिजाद विलियम्स के चोटिल होने के बाद अपने साथ जोड़ा था। बॉश ने आईपीएल में खेलने के लिए पाकिस्तान क्रिकेट लीग (PSL) से तौबा कर लिया था। इसके कारण पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने उन्हें लीग से एक साल का प्रतिबंधित कर दिया। पेशावर जाल्मी ने ड्राफ्ट में डायमंड कैटेगरी में बॉश को चुना था।

कॉर्बिन बॉश ने 200 के स्ट्राइक रेट से 20 रन ठोके

लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैच की बात करें तो कॉर्बिन बॉश ने 200 के स्ट्राइक रेट से 20 रन ठोके। उन्होंने 2 चौके और 1 छक्का लगाया। उन्होंने नमन धीर के साथ 28 रन की साझेदारी की। बॉश की पारी के बदौलत मुंबई इंडियंस 200 के पार पहुंचने और 216 रन का टारगेट सेट करने में सफल रही। इसके बाद बॉश ने गेंद से भी प्रभावित किया। उन्होंने रवि बिश्नोई को आउट किया। 4 ओवर में 26 रन देकर 1 विकेट लिए।

मुंबई इंडियंस दूसरे नंबर पर

मुंबई इंडियंस ने लखनऊ सुपर जायंट्स को हराकर लगातार 5वीं जीत दर्ज की। वह 12 अंकों के साथ अंक तालिका में दूसरे नंबर पर पहुंच गई। लखनऊ के खिलाफ मुंबई के लिए रयान रिकेल्टन और सूर्यकुमार यादव ने अर्धशतक लगाया। वहीं जसप्रीत बुमराह ने 4 विकेट लिए। लखनऊ सुपर जायंट्स 10 में 5 मैच जीतकर छठे नंबर पर है।