इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL 2023) में शुक्रवार को मुंबई इंडियंस (MI) के लिए गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ मैच काफी महत्वपूर्ण हैं। कप्तान रोहित शर्मा की फॉर्म 5 बार की चैंपियन टीम के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने पिछले 5 मैचों में कुल मिलाकर 12 रन बनाए हैं। दो बार डक पर पवेलियन लौटे हैं। गुजरात के खिलाफ रिकॉर्ड भी उनका अच्छा नहीं है।
रोहित शर्मा के लिए इस मैच में सबसे बड़े सिरदर्द मोहम्मद शमी और राशिद खान से पार पाने की होगी। दोनों ही गेंदबाजों का रिकॉर्ड उनके खिलाफ शानदार है। उनके साथी ओपनर इशान किशन का बल्ला भी मोहम्मद शमी के खिलाफ काफी खराब है। इस महत्वपूर्ण मैच में दोनों खिलाड़ियों का चलना काफी जरूरी है। दोनों के ऊपर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाने का दारमोदार होगा।
रोहित शर्मा का बल्ला मोहम्मद शमी के खिलाफ नहीं चलता
रोहित शर्मा और मोहम्मद शमी के बीच मुकाबले की बात करें तो 51 गेंद में उन्होंने 57 रन बनाए हैं और दो बार आउट हुए हैं। इशान किशन को शमी ने कभी आउट नहीं किया, लेकिन बाएं हाथ का बल्लेबाज का बल्ला इस तेज गेंदबाज के सामने नहीं चलता। उन्होंने 45 गेंद पर 93.33 के स्ट्राइक रेट से 42 रन बनाए हैं।
रोहित शर्मा के लिए ये भी है चुनौती
रोहित शर्मा अगर मोहम्मद शमी से पार पा जाते हैं, तो उनके लिए राशिद खान चुनौती हैं। राशिद खान के खिलाफ मुंबई इंडियंस के कप्तान काफी संघर्ष करते हैं। राशिद खान ने 21 गेंद में 23 रन देकर उन्हें 3 बार आउट किया है। आईपीएल 2023 में रोहित शर्मा ने 11 मैच में 17.36 के औसत और 124.84 के स्ट्राइक रेट से 191 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने एक अर्धशतक जड़ा है। बता दें कि गुजरात की टीम 16 अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर है। वह यह मैच जीतकर प्लेऑफ में जगह पक्की करना चाहेगी। मुंबई की टीम 12 अंकों के साथ चौथे नंबर पर है।