मनिका बत्रा और अर्चना गिरीश कामथ की भारतीय महिला युगल जोड़ी आईटीटीएफ की ताजा रैंकिंग में दो पायदान ऊपर चढ़कर शीर्ष-5 में पहुंच गई है। यह जोड़ी अब 1501 अंकों के साथ चौथे स्थान पर है। यह सभी श्रेणियों (मेन्स सिंगल्स, वुमन्स सिंगल्स, मेन्स डबल्स, वुमन्स डबल्स, मिक्स्ड डबल्स) में किसी भी भारतीय टेनिस खिलाड़ी की अब तक की सर्वोच्च रैंकिंग है।

मनिका बत्रा और अर्चना कामथ ने पिछले हफ्ते डब्ल्यूटीटी स्टार कंटेंडर दोहा 2022 टूर्नामेंट में कांस्य पदक जीता था। मनिका और अर्चना की जोड़ी सेमीफाइनल में चीनी ताइपे की ली यू-झुन और चेंग आई-चिंग की जोड़ी से हार गई थी। आईटीटीएफ की ताजा रैंकिंग में वांग मन्यु और सुन यिंगशा की चीनी जोड़ी शीर्ष पर है।

वांग और यिंगशा के 4289 पॉइंट्स हैं। रैंकिंग में दूसरे नंबर पर जापान की मीमा इतो और हिना हयाता की जोड़ी है। इन दोनों के बाद तीसरे नंबर पर लक्जमबर्ग की जिया लियान नी और सारा डी नुट्टे की जोड़ी है। जिया लियान नी और सारा डी नुट्टे के 1535 और मीमा इतो और हिना हयाता के 2896 पॉइंट हैं।

महिला एकल में मनिका बत्रा विश्व रैंकिंग में 48वें नंबर पर बनी हुईं हैं। उनके 1455 पॉइंट हैं। वहीं, अर्चना गिरीश कामथ 809 अंकों के साथ 92वें नंबर पर पहुंच गईं हैं। उन्हें एक स्थान का फायदा हुआ है। महिला एकल के शीर्ष 100 में एक और भारतीय शामिल हैं। टोक्यो ओलंपिक 2020 में हिस्सा लेने वालीं सुतीर्था मुखर्जी 97वें नंबर पर हैं।

मनिका बत्रा और साथियान गणासेकरन की जोड़ी मिक्स्ड डबल्स में 7वें नंबर पर है। उनके 1614 पॉइंट्स हैं। इस रैंकिंग में अर्चना कामथ मानव विकास ठक्कर के साथ 22वें नंबर पर हैं। उनके 578 अंक हैं। अर्चना और मानव की जोड़ी को एक स्थान का फायदा हुआ है। अंचत शरत कमल और मनिका बत्रा की जोड़ी एक स्थान के फायदे के साथ 57वें नंबर पर पहुंच गई है।

पुरुष एकल रैंकिंग में अंचत शरत कमल 38वें स्थान पर खिसक गए हैं। उन्हें दो स्थान का नुकसान हुआ है। साथियान गणासेकरन 39वें नंबर पर बरकरार हैं। उनके अलावा हरमीत देसाई 974 अंकों के साथ 80वें नंबर पर हैं। उन्हें भी दो स्थान का नुकसान हुआ है।