इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 14वें सीजन की शुरुआत 9 अप्रैल से होने वाली है। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी चेन्नई सुपरकिंग्स को चौथी बार चैंपियन बनाने के लिए उतरेंगे। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके धोनी सिर्फ आईपीएल में ही खेलते दिखाई देते हैं। संन्यास लेने के बावजूद उनकी ब्रांड वैल्यू कम नहीं हुई है। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले वे लगातार विज्ञापनों की शूटिंग कर रहे हैं। हाल ही में एक वीडियो सामने आया है जिसमें वो 2005 के लंबे बालों वाले धोनी से बात कर रहे हैं।

दरअसल, गल्फ ऑयल इंडिया के लिए धोनी ने एक विज्ञापन शूट किया है। इसमें वो दोहरे किरदार में हैं। एक तरफ मौजूदा दौर के धोनी हैं तो उनके सामने लंबे बालों वाले धोनी हैं। मौजूदा दौर के धोनी ने सवाल किया, ‘‘क्या बात है पहले ही साल में मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज? अच्छा कर रहे हो। वो श्रीलंका के खिलाफ 183 रन। 50 ओवर की कीपिंग के बाद 46 ओवर की बैटिंग, यह आसान नहीं है।’’ इस पर पुराने धोनी ने कहा, ‘‘आपको तो पता ही है कि विकेट बहुत फ्लैट था। अगर लगातार प्रदर्शन करते रहेंगे और कंडीशन अलग-अलग भी रहे तो फायदा होगा।’’

धोनी ने कहा, ‘‘आपका रवैया इस तरह का होना कि चाहिए कि हर मैच में अपना योगदान दे सको। महत्वपूर्ण यह है कि आपने कितने तैयार है, आपने क्या प्लान बनाया है और आप किस तरीके से विपक्षी के खिलाफ उस अमल करोगे।’’ इसके आगे पुराने धोनी ने कहा, ‘‘सर, कोशिश तो कर रहा हूं। जितने ज्यादा मैच मिलेंगे तो उतना निखार आएगा। आप धीरे-धीरे सीनियर खिलाड़ियों से सीखते हैं। वे काफी मदद करते हैं।’’ यहां पर धोनी ने उन्हें रोकते हुए रिलैक्स होने के लिए कहा।

पुराने दौर के धोनी ने मौजूदा दौर के धोनी से सवाल किया, ‘‘सर आपने इतने सारे वनडे और टेस्ट मैच खेले हैं। आपकी फेवरेट इनिंग्स कौन सी है।’’ इस पर धोनी ने कहा, ‘‘वर्ल्ड कप फाइनल। उस मैच को समाप्त करने का मजा ही कुछ और था। 2011 वानखेड़े स्टेडियम।’’ यहां पर पुराने धोनी ने आश्चर्यचकित होकर पूछा कि क्या हम वर्ल्ड कप जीत गए? इस पर मौजूदा दौर के धोनी ने कहा, ‘‘तुम्हारी मेहनत के कारण ही वो पारी मुमकिन हो सकी। एक काम और करना। बटर चिकन, सॉफ्ट ड्रिंक और मिल्क शेक। धीरे-धीरे इनको भी छोड़ देना।’’

यहां पर पुराने धोनी ने कहा, ‘‘सर, निरंतरता और अनुशासन के लिए आपने अपनी सारी फेवरेट चीजों को छोड़ दिया।’’ इस पर धोनी ने कहा, ‘‘ऐसा नहीं है। बाइकिंग कभी नहीं छोड़ूंगा। 80 बाइक हैं। सभी तुम्हारी फेवरेट। हमारी पहली बाइक भी है। वो चलती नहीं दौड़ती है। पहली बाइक है उसका विशेष ख्याल रखता हूं।’’