इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024) में लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान केएल राहुल ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ बेहतरीन अर्धशतक जड़ा। उन्होंने 158 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से रन ठोके। उनकी यह पारी टी20 वर्ल्ड कप 2024 के लिए भारतीय टीम के चयन से पहले आई है। अब निगाहें राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन पर होगी। संभवत: दोनों में से एक खिलाड़ी को भारतीय टीम में चुना जाएगा। राहुल के अलावा दीपक हुड्डा ने लखनऊ के लिए अर्धशतक जड़ा। वहीं रविचंद्रन अश्विन को 6 मैच बाद विकेट मिला।
लखनऊ की शुरुआत अच्छी नहीं रही। ट्रेंट बोल्ट को 2 चौके जड़ने के बाद क्विंटन डिकॉक पहले ही ओवर के तीसरी गेंद पर आउट हो गए। अगले ओवर में संदीप शर्मा ने मार्कस स्टोइनिस को पवेलियन भेजा। वह खाता भी नहीं खोल पाए। इसके बाद बल्लेबाज के लिए दीपक हुड्डा आए और राहुल के साथ 115 रन की साझेदारी करके बड़े स्कोर की नींव रखी। केएल राहुल ने राजस्थान के खिलाफ पारी में 48 गेंद पर 8 चौके और 2 छक्के की मदद से 158.33 के स्ट्राइक रेट से 76 रन बनाए।
राहुल दबाव में नहीं दिखे
शुरुआत में 2 विकेट गिरने के बाद भी राहुल दबाव में नहीं दिखे और अच्छे स्ट्राइक रेट से रन बनाते रहे। हालांकि, उन्हें शतक न लगा पाने का मलाल होगा। आवेश खान ने उनका विकेट लिया। दीपक हुड्डा के लिए आईपीएल 2023 काफी खराब रहा था। उन्होंने सिर्फ 84 रन बनाए थे। 2022 में उन्होंने धमाकेदार प्रदर्शन किया था और 451 रन बनाए थे। हुड्डा का 2024 में में यह छठा मैच था और उन्होंने इस मैच में अर्धशतक जड़ दिया। उन्होंने 17 पारी के बाद लखनऊ के लिए अर्धशतक जड़ा।
रविचंद्रन अश्विन के लिए अच्छा नहीं रहा आईपीएल 2024
राजस्थान रॉयल्स के स्टार स्पिनर रविचंद्रन अश्विन के लिए यह आईपीएल अच्छा नहीं रहा है। हालांकि, खराब प्रदर्शन के बाद भी राजस्थान ने उन्हें बैक किया है। उन्होंने दीपक हुड्डा को आउट करके इस सीजन अपना दूसरा विकेट लिया। उन्होंने 8 मैच में 186 गेंद किए हैं और 279 रन देकर 2 विकेट लिए हैं। उनका औस 139.50 का है। इससे पहले 2023 में उन्होंने 14 विकेट लिए थे।