वर्षों से 22 गज (20 मीटर) पिच पर लड़ने के अलावा, कुछ क्रिकेटर ऐसे भी हुए हैं, जिन्होंने क्रिकेट के मैदान और उसके आसपास की शख्सियत को ही अपना जीवनसाथी चुना। अपनी-अपनी राष्ट्रीय टीमों या फ्रैंचाइजी का प्रतिनिधित्व करते समय, खिलाड़ी अक्सर किसी विशेष व्यक्ति से जुड़ जाते हैं और शायद मैदान के बाहर एक नई यात्रा शुरू करते हैं।

ऐसे ही क्रिकेटर्स में भारत के जसप्रीत बुमराह, स्टुअर्ट बिन्नी और जवागल श्रीनाथ का नाम भी शामिल है। इन तीनों ने ही टीवी एंकर, स्पोर्ट्स प्रेजेंटेटर्स या पत्रकार से शादी की है। हालांकि, एक ऐसे क्रिकेटर भी रहे हैं, जिनका कुछ ही महीनों में ब्रेक-अप हो गया था।

जवागल श्रीनाथ-माधवी पत्रावली:भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज जवागल श्रीनाथ की पहली शादी तलाक के रूप में खत्म हुई थी। हालांकि, मिलनसार श्रीनाथ ने बाद में 2007 में पत्रकार माधवी पत्रावली से शादी की। माधवी देश के एक प्रमुख राष्ट्रीय अंग्रेजी दैनिक में कॉपी एडिटर थीं। दोनों की शादी मैसूर में 13 दिसंबर, 2007 को हुई थी। शादी में परिवार और करीब लोग ही शामिल हुए थे।

स्टुअर्ट बिन्नी-मयंती लैंगर: भारत के हरफनमौला खिलाड़ी स्टुअर्ट बिन्नी ने 2012 में देश की प्रसिद्ध टीवी स्पोर्ट्स एंकर में से एक मयंती लैंगर से शादी की थी। मयंती लैंगर ने फुटबॉल शो में एंकर के रूप में शुरुआत की। बाद में ईएसपीएन पर 2010 फीफा विश्व कप प्रसारण को भी होस्ट किया। उन्होंने 2010 दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों और 2011 आईसीसी विश्व कप की भी मेजबानी की।

क्रिकेटर पति से ज्यादा पॉपुलर है यह एंकर, फुटबॉल वर्ल्ड कप और कॉमनवेल्थ गेम्स में भी कर चुकीं हैं शिरकत

2015 विश्व कप में स्टुअर्ट बिन्नी को भले ही एक भी मैच में खेलने का मौका नहीं मिला हो, लेकिन उनकी पत्नी मयंती लैंगर ने टूर्नामेंट के दौरान स्टार स्पोर्ट्स के लिए एक उत्साही रिपोर्टर के रूप में दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया था।

जसप्रीत बुमराह-संजना गणेशन: मार्च 2021 में टीम इंडिया के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह मशहूर टीवी प्रस्तोता और मॉडल संजना गणेशन के साथ शादी के बंधन में बंधे थे। शादी 15 मार्च को गोवा में एक अंतरंग समारोह में हुई थी। बुमराह और संजना की शादी इतनी सीक्रेट थी कि उनके टीम के साथियों को छोड़कर किसी को भी विवाह स्थल तक का पता नहीं था।

संजना गणेशन 2013 में फेमिना मिस इंडिया की फाइनलिस्ट भी थीं। वह ‘स्प्लिट्सविला’ जैसे रियलिटी शो में भी नजर आ चुकी हैं। संजना ने शाहरुख खान के स्वामित्व वाली फ्रैंचाइजी केकेआर डायरीज को भी होस्ट किया है।

मार्टिन गप्टिल-लॉरा मैकगोल्ड्रिक: 2015 विश्व कप में न्यूजीलैंड के हीरो रहे मार्टिन गप्टिल को स्काई स्पोर्ट्स न्यूजीलैंड की पत्रकार लॉरा मैकगोल्ड्रिक से मोहब्बत हो गई थी। गप्टिल पहली बार लॉरा से तब मिले जब वह उनका इंटरव्यू लेने गई थीं। मार्टिन गप्टिल ने 13 सितंबर 2014 को ऑकलैंड में लॉरा से शादी की थी। शादी में गप्टिल के टीम साथ रॉस टेलर बेस्ट मैन बने थे, जबकि न्यूजीलैंड के सबसे अमीर व्यक्ति ग्रीम हार्ट की बेटी ग्रेटचेन हॉक्सबी दुल्हन की सहेली थीं।

मोर्ने मोर्कल-रोज केली: दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज मोर्ने मोर्कल ने दिसंबर 2014 में ऑस्ट्रेलिया के चैनल नाइन की टेलीविजन रिपोर्टर रोज केली से शादी की थी। छह फीट 4 इंच लंबे मोर्कल की शादी में उनकी दक्षिण अफ्रीकी टीम के कई साथी मौजूद थे। शादी के बाद रोज केली साउथ अफ्रीका शिफ्ट हो गईं। रोज ने शेयर किया था कि शादी का फैसला उकने करियर के लिए सुसाइड था, लेकिन उन्होंने फ्रीलांसर के रूप में क्रिकेट कवर करना जारी रखा।

शॉन मार्श-रेबेका ओ’डोनोवन: ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर शॉन मार्श ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2015 की शुरुआत से ठीक एक हफ्ते पहले रेबेका ओ डोनोवन से शादी की थी। दोनों लंबे समय से रिलेशनशिप में थे। रेबेका ऑस्ट्रेलियाई टीवी चैनल 7 की पत्रकार हैं।

वह पूर्व मिस यूनिवर्स भी रह चुकी हैं। हैंडसम ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज की पत्नी रेबेका ऑस्ट्रेलियाई एनिमेटर, वॉयस-ओवर आर्टिस्ट और सोशल मीडिया पर्सनैलिटी रॉस ओ’डोनोवन की बहन हैं। यह दंपति इस समय 3 बच्चों के माता-पिता हैं।

इमरान खान-रेहम खान: पाकिस्तानी प्रधानमंत्री और देश की क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान इमरान खान का दिल भी एक पत्रकार पर आ चुका है। उन्होंने 6 जनवरी 2015 को बीबीसी टीवी एंकर रेहम खान से निकाह किया था। दोनों की उम्र में 20 साल का अंतर था। हालांकि, यह शादी ज्यादा दिन नहीं चली। इमरान खान ने 30 अक्टूबर 2015 को पुष्टि की कि रेहम से उनकी शादी टूट गई है। दोनों की यह दूसरी शादी थी।

रेहम की पहली शादी से तीन बच्चे हैं। इमरान ने रेहम से पहले ब्रिटिश अरबपति की बेटी जेमिमा गोल्डस्मिथ से शादी की थी। जेमिमा से उनके दो बेटे हैं। नौ साल पुरानी यह शादी 22 जून 2004 को खत्म हो गई। संयोग से जेमिमा भी एक पत्रकार हैं। वे न्यू स्टेट्समैन की एसोसिएट एडिटर और वैनिटी फेयर की यूरोपियन एडिटर-एट-लार्ज रह चुकी हैं।