India vs England 3rd Test 3rd Day: भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैच की सीरीज का तीसरा टेस्ट लीड्स के हेडिंग्ले क्रिकेट ग्राउंड में खेला जा रहा है। 27 अगस्त 2021 को मैच का तीसरा दिन था।
खराब रोशनी के कारण तीसरे दिन का खेल कुछ ओवर पहले ही खत्म करना पड़ा। इस कारण चेतेश्वर पुजारा का शतक का इंतजार कल यानी 28 अगस्त 2021 तक के लिए बढ़ गया। खराब रोशनी के कारण जब खेल समाप्त घोषित किया गया तब पुजारा 180 गेंद में 91 और विराट कोहली 94 गेंद में 45 रन बनाकर नाबाद थे।
दूसरी पारी में भारतीय बल्लेबाजों ने अब तक बेहतरीन प्रदर्शन किया है। केएल राहुल को इसलिए जल्दी पवेलियन लौटना पड़ा, क्योंकि दूसरी स्लिप में जॉनी बेयरस्टो ने बेहतरीन कैच लपका था। उसके बाद रोहित शर्मा और चेतेश्वर पुजारा ने दूसरे सत्र में कोई विकेट नहीं गिरने दिया।
तीसरे सत्र में रोहित अर्धशतक बनाकर आउट हुए, लेकिन पुजारा और कप्तान विराट कोहली ने अपने विकेट नहीं गिरने दिए। दिन का खेल खत्म होने के समय भारत ने 80 ओवर में 2 विकेट पर 215 रन बना लिए थे। इस तरह भारतीय टीम ने तीसरे दिन का तीसरा सत्र अपने नाम किया। हालांकि, वह इंग्लैंड से अब भी 139 रन पीछे है।
लंच से पहले की आखिरी गेंद से पहले तक पहला सत्र भारतीय टीम के नाम रहा, लेकिन आखिरी गेंद पर केएल राहुल ने अपना विकेट गंवा दिया। भारत ने इंग्लैंड को 432 रन ऑलआउट किया था। इस लिहाज से इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ 354 रन की लीड बनाई थी। भारत की पहली पारी 78 रन पर ढेर हो गई थी।
Pataudi Trophy, 2021
England
432 (132.2)
India
78(40.4)& 278(99.3)
Match Ended ( Day 4 – 3rd Test )
England beat India by an innings and 76 runs
विराट कोहली अगर इस पारी में अच्छा स्कोर नहीं करते हैं, तो वह शायद आईसीसी टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में अपना 5वां स्थान खो देंगे और उनकी जगह रोहित शर्मा ले लेंगे। रोहित शर्मा इस समय आईसीसी टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में छठवे नंबर हैं। दोनों के रेटिंग अंकों में सिर्फ 3 का अंतर है। यदि ऐसा हुआ तो कोहली लगभग पांच साल में पहली बार टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष 5 से बाहर होंगे। वह नवंबर 2016 से टॉप 5 में हैं !!
भारत को 48वें ओवर की चौथी गेंद पर बहुत बड़ा झटका लगा। रोहित शर्मा सेट नजर आ रहे थे। ओली रॉबिनसन ने पगबाधा की बड़ी अपील की। अंपायर ने अंगुली उठा दी। रोहित ने तुरंत रिव्यू लिया। ओली की यह गेंद आगे टप्पा खाई थी और कोण के साथ अंदर आई। रोहित ऑफ स्टंप से उसे सीधे बल्ले से रोकना चाहते थे, लेकिन वह पैड पर जा लगी। इम्पैक्ट – इन लाइन और विकेट- अंपायर्स कॉल। अंपायर ने मैदान पर आउट दिया था जिस वजह से रोहित को वापस जाना होगा। पचासा पूरा करने के बाद रोहित शर्मा पवेलियन चले।
चायकाल के बाद का खेल जारी है। इंग्लैंड की ओर से तीसरे सेशन की शुरुआत क्रेग ओवर्टन ने की। उन्होंने अब तक अच्छी गेंदबाजी की है। वह एक विकेट भी ले चुके हैं। हालांकि, चेतेश्वर पुजारा ने उनकी दूसरी ही गेंद पर चौका जड़ दिया। बता दें कि दूसरे सेशन में अपनी विकेट बचाते हुए रोहित और पुजारा की जोड़ी ने अच्छी बल्लेबाज़ी की। हालांकि, काम अभी आधा भी नहीं हुआ है। चायकाल के समय इंग्लैंड की लीड 242 रन थी। ऐसे में भारत को बिना कोई विकेट गंवाए तीसरा सेशन भी अपने नाम करना होगा।
रोहित शर्मा ने 125 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया। साथ ही टेस्ट क्रिकेट में 2900 रन भी पूरे किए। उन्होंने सैम करन की गेंद पर एक रन लेकर अपना पचासा पूरा किया। रोहित ने 38वें ओवर की दूसरी और तीसरी गेंद पर चौका लगाया। इसके बाद अगली गेंद पर एक रन लेकर अपनी फिफ्टी पूरी की।
चेतेश्वर पुजारा ने पिछली 5 गेंद में दूसरा चौका लगाया। इसके साथ भी टीम इंडिया का स्कोर 50 रन के पार पहुंच गया। चेतेश्वर ने 23वें ओवर में क्रेग ओवर्टन की आखिरी गेंद पर चौका लगाया। इसके बाद अगले ओवर में जेम्स एंडरसन की चौथी गेंद को बाउंड्री के पार भेजा। पुजारा बढ़िया लय में दिख रहे हैं।
चेतेश्वर पुजारा ने 8वीं गेंद पर अपना खाता खोला। उन्होंने 22वें ओवर की तीसरी गेंद पर लाजवाब शॉट लगाया। जेम्स एंडरसन की यह गेंद पैरों पर थी। पुजारा ने इन स्विंग के साथ फ्लिक किया और शॉर्ट लेग और मिडविकेट की गैप से गेंद को डीप मिडविकेट सीमा रेखा के पार भेजा।
लंच के बाद का खेल जारी है। लंच से ठीक पहले केएल राहुल ने अपना विकेट गंवाया। इस वजह से अब चेतेश्वर पुजारा रोहित शर्मा का साथ देने मैदान पर उतरे। भारत को एक बड़ी साझेदारी चाहिए वरना वह बहुत जल्द खुद को हार की कगार पर पाएंगे। लंच के बाद जेम्स एंडरसन इंग्लैंड के लिए पहला ओवर लेकर आए।
लंच से ठीक पहले भारत को बड़ा झटका लगा। 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर केएल राहुल 8 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन लौटे। 19वें ओवर की दूसरी गेंद ऑफ एंड मिडिल स्टंप पर आउट स्विंग थी। राहुल ने इसे आसानी से डिफेंस कर दिया। इस पर ओवर्टन ने राहुल को कुछ कहा। अगली तीन गेंदों को भी राहुल ने बहुत अच्छे से खेली। लेकिन आखिरी गेंद पर दूसरी स्लिप में बेयरस्टो ने यादगार कैच ले लिया। ओवर्टन की यह गेंद ऑफ स्टंप के करीब गुड लेंथ थी। वह बाहर जा रही थी, राहुल ने गेंद ने बल्ले का किनारा ले लिया और पीछे बेयरस्टो ने अंतिम समय पर बाएं हाथ से शानदार कैच लपक लिया। गेंदबाज जोश में और सारे खिलाड़ी हैरत में।
रोहित शर्मा ने 16वें ओवर की तीसरी गेंद पर छक्का लगाया। ओली रॉबिनसन की यह गेंद ऑफ स्टंप के बाहर शॉर्ट थी। रोहित ने बस आखिरी सेकंड में गेंद को दिशा दिखा दी। गेंद स्लिप के ऊपर से होती हुई सीधा स्टैंड में पहुंच गई। रोहित ने इससे पहले जेम्स एंडरसन के ओवर में चौका लगाया था। रोहित ने 7वें ओवर की पहली गेंद पर चौका लगाया था।
जेम्स एंडरसन की शुरुआती पांच गेंद में रोहित शर्मा अपना और टीम का खाता नहीं खोल पाए। हालांकि, आखिरी गेंद पर उन्होंने 2 रन लेकर इंग्लैंड के गेंदबाज का ओवर मेडन नहीं होने दिया। हालांकि, अभी लक्ष्य बहुत लंबा है। रोहित और केएल राहुल दोनों को बड़ी पारी की नींव रखनी होगी। भारत अगर इस मैच को ड्रॉ भी कराने की सोच रहा है तो उसके कम से कम 600 रन का स्कोर करना होगा।
कवर हट चुके है और इंग्लैंड की टीम मैदान पर उतरने से पहले थोड़ी बातचीत कर रही हैं। भारत के लिए रोहित शर्मा और केएल राहुल की जोड़ी पारी की शुरुआत करेगी। इन दोनों बल्लेबाजों से भारत को एक बड़ी साझेदारी की दरकार है। जेम्स एंडरसन के हाथों में नई गेंद है।
इंग्लैंड की पहली पारी 432 रन पर ऑलआउट हुई। कप्तान जो रूट के शतक और टॉप तीन बल्लेबाजों के अर्धशतकों ने टीम को 354 रनों की विशाल बढ़त दिला दी है। भारत को अंतिम दो विकेट झटकने में ज़्यादा मुश्किल हुई नहीं, लेकिन अब बल्लेबाजों को पहली पारी से बेहतर खेल दिखाना होगा। परिस्थितियां गेंदबाजों के लिए अच्छी नजर आ रही हैं। ऐसे में बल्लेबाजों की मुसीबतें और बढ़ जाएंगी। भारत की दूसरी पारी कुछ ही देर में शुरू होनी थी, लेकिन धीमी बारिश की वजह से दोनों अंपायर मैदान पर आकर परिस्थितियों का जायजा ले रहे हैं।
तीसरे दिन का खेल शुरू हो चुका है। भारत की ओर से शमी पहला ओवर लेकर आए। उनकी शुरुआती 4 गेंद में क्रेग ओवर्टन एक भी रन नहीं बना पाए। हालांकि, पांचवीं और छठी गेंद पर चौके जड़ दिए। ओवर्टन बहुत तेज बल्लेबाजी कर रहे हैं। उनके 37 गेंद में 32 रन हो गए हैं। ऑली रॉबिन्सन ने अभी खाता नहीं खोला है।