भारत के स्टार बल्लेबाज केएल राहुल को टीम इंडिया का ‘मिस्टर रिस्पॉन्सिबल’ कहा जाता है। राहुल कई बार जानवरों और बच्चों की मदद के लिए दान देते रहते हैं। उन्होंने एक बार फिर बच्चों की मदद करने का फैसला किया। उन्होंने अपने ब्रांड ‘गली’ के साथ मिलकर निर्णय लिया था। उन्होंने अपने बल्ले सहित कई क्रिकेट के सामानों को नीलाम करवाया। इस प्रक्रिया को टीम इंडिया फैंस आर्मी ‘भारत आर्मी’ ने गली के साथ मिलकर पूरा किया। राहुल का बल्ला 2,64,228 रुपए में नीलाम हुआ।

नीलामी से जमा होने वाली राशि ‘अवेयर फाउंडेशन’ को दी जागी। राहुल ने जिस बल्ला को नीलाम किया है, उससे उन्होंने वर्ल्ड कप में श्रीलंका के खिलाफ 111 रन बनाए थे। इसके अलावा भारतीय ओपनर का हेलमेट 1 लाख 22 हजार और 677 रुपए में नीलाम हुआ। पैड्स 33 हजार 28 रुपए, वनडे की जर्सी 1 लाख 13 हजार 240 रुपए, टी20 की जर्सी 1 लाख 4 हजार 842 रुपए, टेस्ट की जर्सी 1 लाख 32 हजार 774 रुपए और ग्लव्स 28 हजार 782 रुपए में नीलाम हुआ।

राहुल ने अपने जन्मदिन (18 अप्रैल) पर अपने सामानों को नीलाम करने का फैसला लिया था। हालांकि, इसके बारे में जानकारी 20 अप्रैल को दी थी। उन्होंने कहा था, ‘‘चूंकि यह मेरे लिए एक विशेष दिन है, इसलिए मैंने और ‘गली’ ने कुछ खास करने का फैसला किया है। मैंने ‘भारत आर्मी’ को अपने क्रिकेट पैड, अपने दस्ताने, हेलमेट और अपनी कुछ जर्सी दान करने का फैसला किया है। वे इन चीजों की नीलामी करने जा रहे हैं और फंड अवेयर फाउंडेशन को दिया जाएगा। यह एक फाउंडेशन है जो बच्चों की मदद करती है। यह बहुत खास है और मैं ऐसा करने के लिए इससे बेहतर दिन (बर्थडे) नहीं चुन सकता था।”

राहुल ने पिछले साल कैंसर पीड़ित बच्चों को करने के लिए दान दिया था। राहुल नियमित रूप से सोशल मीडिया पर चैरिटेबल ऑर्गेनाइजेशन को मदद करने का ऐलान करते हैं और लोगों को भी इसके लिए जागरूक करते हैं। 28 साल के राहुल ने एक चैरिटेबल ऑर्गेनाइजेशन ‘फूल वर्षा’ को मदद देने का फैसला किया था। यह लॉकडाउन में कमजोर और गरीब लोगों को खाना खिलाता है। इसके साथ ही राहुल ने ‘स्टे हैप्पी’ संस्थान को भी मदद करने का ऐलान किया था। यह संगठन बेंगलुरु में आवारा पशुओं को भोजन देता है।