IPL 2022 KL Rahul Century: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 के 26वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान केएल राहुल ने इतिहास रचा। मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेले गए मैच में उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 60 गेंद में नाबाद 103 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 9 चौके और 5 छक्के लगाए। उन्होंने 56 गेंद में अपना शतक पूरा किया था। केएल राहुल का आईपीएल में यह 100वां मैच है।
वह आईपीएल में अपने 100वें मैच में शतक लगाने वाले पहले क्रिकेटर हैं। केएल राहुल का आईपीएल में यह तीसरा और मुंबई इंडियंस के खिलाफ दूसरा शतक है। खास यह है कि वह तीनों बार नाबाद पवेलियन लौटे हैं। इससे पहले उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ नाबाद 100 और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ नाबाद 132 रन की पारियां खेलीं थीं।
केएल राहुल से पहले किसी भी बल्लेबाज का अपने 100वें आईपीएल मैच में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड साउथ अफ्रीका के फाफ डुप्लेसिस के नाम था। डुप्लेसिस ने अपना 100वां आईपीएल मैच 2021 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेला था। उस मैच में उन्होंने 86 रन बनाए थे। इस सूची में तीसरे नंबर पर डेविड वार्नर हैं। वार्नर ने 2016 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ 69 रन बनाए थे। मुरली विजय ने 2016 में राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स के खिलाफ अपना 100वां आईपीएल मैच खेला था। उस मैच में मुरली विजय ने 59 रन की पारी खेली थी।
केएल राहुल बतौर कप्तान दो शतक लगाने वाले दूसरे क्रिकेटर हैं। उनसे पहले विराट कोहली यह उपलब्धि अपने नाम कर चुक हैं। विराट कोहली के आईपीएल में 5 शतक हैं। आईपीएल में किसी एक टीम के खिलाफ दो शतक लगाने वाले केएल राहुल चौथे बल्लेबाज हैं। उनसे पहले पंजाब किंग्स के खिलाफ क्रिस गेल, गुजरात लायंस के खिलाफ विराट कोहली, कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ डेविड वार्नर दो-दो शतक लगा चुके हैं।
आईपीएल में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में केएल राहुल संयुक्त रूप से चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं। इस सूची में क्रिस गेल पहले (6 शतक) नंबर पर हैं। विराट कोहली दूसरे नंबर पर हैं। डेविड वार्नर और शेन वाटसन संयुक्त रूप से तीसरे (4-4 शतक) नंबर पर हैं। केएल राहुल, संजू सैमसन और एबी डिविलियर्स ने आईपीएल में 3-3 शतक लगाए हैं।
केएल राहुल ने इसके साथ ही एडम गिलक्रिस्ट, संजू सैमसन, सचिन तेंदुलकर और वीरेंद्र सहवाग को पीछे छोड़ा। गिलक्रिस्ट, सैमसन, सचिन और सहवाग ने आईपीएल में अपनी टीम का नेतृत्व करते हुए एक-एक शतक ही लगाया है।