KKR Vs RR: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2021 के 54वें मुकाबले में कोलकाता नाइटराइडर्स ने राजस्थान रॉयल्स को 86 रन से हरा दिया। शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेल गए इस मैच में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी।
कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 171 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की पूरी टीम 16.1 ओवर में 85 रन ही बना पाई। उसके 9 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाए। उसकी ओर से राहुल तेवतिया (36 गेंद में 44 रन, पांच चौके, दो छक्के) और शिवम दुबे (18) ही दोहरे अंक में पहुंच पाए।
कोलकाता नाइटराइडर्स ने इस जीत के साथ ही जहां प्लेऑफ की ओर अपने कदम मजबूती से बढ़ा दिए। वहीं मुंबई इंडिंयस की अंतिम-4 में पहुंचने की उम्मीदें लगभग खत्म कर दीं। केकेआर के अब 14 मैच में 14 अंक हो गए हैं। वह अभी चौथे नंबर पर है। मुंबई इंडियंस छठे नंबर पर है। उसके 12 अंक हैं।
मुंबई एक ही सूरत में चौथे नंबर पर पहुंच सकती है। उसे केकेआर के नेट रनरेट को पीछे छोड़ने के लिए सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 200 से ज्यादा रन बनाने होंगे और कम से कम 171 रन से जीत हासिल करनी होगी। ऐसा लगभग असंभव है। हालांकि, क्रिकेट अनिश्चितताओं का खेल है। कुछ भी हो सकता है।
इससे पहले केकेआर की ओर से शुभमन गिल ने 44 गेंद में 4 चौके और 2 छक्के की मदद से 56 रन की पारी खेली। उन्होंने वेंकटेश अय्यर (38) के साथ पहले विकेट के लिए 79 रन जोड़े। वहीं, राजस्थान की शुरुआत बेहद खराब रही।
टीम कभी लक्ष्य के करीब पहुंचने की स्थिति में भी नहीं दिखी। शाकिब अल हसन ने पारी के पहले ओवर में यशस्वी जायसवाल (00) को बोल्ड किया। अगले ओवर में कप्तान संजू सैमसन (01) ने शिवम मावी की गेंद पर इयोन मॉर्गन को कैच थमाया।
KKR Vs RR Live Streaming IPL 2021: यहां देखें राजस्थान और केकेआर के बीच मैच की लाइव स्ट्रीमिंग
आईपीएल 2021 की ताजा पॉइंट्स टेबल देखने के लिए यहां क्लिक करें
लॉकी फर्ग्युसन ने चौथे ओवर में लियाम लिविंगस्टोन (06) और अनुज रावत (00) को आउट करके रॉयल्स का स्कोर चार विकेट पर 13 रन किया। रॉयल्स की टीम पावर प्ले में चार विकेट पर 17 रन ही बना पाई। मावी ने आठवें ओवर में ग्लेन फिलिप्स (08) और शिवम दुबे (18) को आउट किया।
अगले ओवर में वरुण चक्रवर्ती ने क्रिस मॉरिस (00) को पगबाधा करके रॉयल्स का स्कोर सात विकेट पर 35 रन कर दिया। राहुल तेवतिया ने शिवम मावी के ओवर में 3 चौके मारे, जबकि वरुण चक्रवर्ती पर भी छक्का जड़ा। रॉयल्स के 50 रन 11वें ओवर में पूरे हुए।
फर्ग्युसन ने जयदेव उनादकट (06) को शाकिब के हाथों कैच कराके रॉयल्स को आठवां झटका दिया। रॉयल्स को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए 89 रन की दरकार थी। इसके बाद चेतन साकरिया (01) रन आउट हुए, जबकि मावी ने तेवतिया को बोल्ड करके केकेआर को जीत दिलाई।
Indian Premier League, 2021
Kolkata Knight Riders 
171/4 (20.0)
Rajasthan Royals   
 85 (16.1)
Match Ended ( Day – Match 54 ) 
 Kolkata Knight Riders beat Rajasthan Royals by 86 runs
कोलकाता नाइट राइडर्स शुरू से ही इस मैच में हावी रही। पहले उनके सलामी बल्लेबाजों ने बढ़िया शुरुआत दी और एक बड़े स्कोर की नींव रखी। फिर उनके गेंदबाजों की बारी आई। उसके गेंदबाजों ने कभी भी राजस्थान के बल्लेबाजों को मैच में वापस नहीं आने दिया। शिवम मावी और लॉकी फर्ग्युसन ने अपनी तेज गेंदबाजी की धार से निरंतर विकटों का पतन जारी रखा।
सुनील नरेन के 16वें ओवर की तीसरी गेंद पर राजस्थान को 9वां झटका लगा। तेवतिया ने बैकवर्ड स्क्वायर लेग की दिशा में स्वीप किया। दो रन की मांग हुई, लेकिन तेवतिया ने साकरिया को वापस भेजा। हालांकि, चेतन साकरिया क्रीज तक नहीं पहुंच पाए। वह 5 गेंद में एक रन बनाकर पवेलियन लौटे। उनकी जगह मुस्तफिजुर रहमान क्रीज पर आए हैं।
लॉकी फर्ग्युसन ने 12वें की ओवर की दूसरी गेंद पर जयदेव उनादकट को शाकिब अल हसन के हाथों कैच कराया। जयदेव उनादकट ने गेंद को उठा कर मारा। गेंद स्वीपर कवर एरिया में गई। वहां शाकिब ने लपकने में कोई गलती नहीं की। जयदेव उनादकट ने 5 गेंद में 6 रन बनाए।
शिवम मावी ने अपने इसी ओवर की आखिरी गेंद पर शिवम दुबे को बोल्ड कर दिया। राजस्थान के लिए यह बहुत बड़ा झटका रहा। मावी का यह तीसरा विकेट था। शिवम मावी की यह गेंद हल्का अंदर आई। शिवम दुबे ने पैर चलाए बिना फ्लिक करने की कोशिश की, लेकिन गेंद पैड पर लगकर स्टंप से जा टकराई। शिवम दुबे 20 गेंद में 18 रन बनाकर आउट हुए। शिवम दुबे की जगह जयदेव उनादकट क्रीज पर आए।
राजस्थान रॉयल्स के विकेटों के गिरने का सिलसिला जारी है। उसने 8वें ओवर की तीसरी गेंद पर ग्लेन फिलिप्स का विकेट गंवाया। शिवम मावी ने फिलिप्स को 8 रन के निजी स्कोर पर बोल्ड किया। शिवम मावी की यह गेंग आगे थी। फिलिप्स ने पीछे खड़े रहकर खेलने का प्रयास किया। गेंद ऑफ स्टंप के करीब गुड लेंथ थी। गिरकर हल्का सा बाहर निकली और फिलिप्स पूरी तरह से चूक गए। फिलिप्स की जगह राहुल तेवतिया क्रीज पर आए।
फर्ग्युसन ने चौथी गेंद पर अनुज रावत को एलबीडब्ल्यू कर दिया। अनुज गोल्डन डक हुए। फर्ग्युसन की यह गेंद मिडिल स्टंप पर गुड लेंथ थी। अनुज डिफेंस करने गए लेकिन पूरी तरह से चूके गए। वह आगे की गेंद को बैकफुट पर जाकर खेले। गेंद तेजी से अंदर आई। अंपायर ने आउट दिया, लेकिन अनुज ने रिव्यू ले लिया। हालांकि, रिव्यू बर्बाद कर दिया। अनुज की जगह ग्लेन फिलिप्स क्रीज पर आए।
राजस्थान के विकेटों के गिरने का सिलसिला जारी है। चौथे ओवर की दूसरी गेंद पर तीसरा और चौथी गेंद पर चौथा विकेट गिरा। चौथा ओवर लॉकी फर्ग्युसन लेकर आए। उन्होंने लियाम लिविंगस्टोन को राहुल त्रिपाठी के हाथों कैच करा दिया। लियाम लिविंगस्टोन 6 गेंद में 6 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उनकी जगह अनुज रावत क्रीज पर आए।
दूसरा ओवर शिवम मावी लेकर आए। उन्होंने पहली ही गेंद पर संजू सैमनस को कप्तान इयोन मॉर्गन के हाथों मिडविकेट पर कैच करा दिया। संजू जब पवेलियन लौटे तब उनके खाते में सिर्फ एक रन ही था। शिवम मावी की यह गेंद ऑफ स्टंप पर गुड लेंथ थी। तेजी से अंदर आई। संजू मिडविकेट पर फ्लिक करने गए, वहां मॉर्गन ने दाईं ओर डाइव लगाकर शानदार कैच लपक लिया। संजू की जगह लियाम लिविंगस्टोन क्रीज पर आए।
172 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की बहुत ही खराब शुरुआत हुई। उसने 7 गेंद के अंदर दो विकेट गंवा गिए। दूसरा विकेट गिरते समय तक उसके खाते में सिर्फ एक रन जुड़े थे। राजस्थान की ओर से यशस्वी जायसवाल और शिवम दुबे ने पारी की शुरुआत की। केकेआर की ओर से शाकिब अल हसन पहला ओवर लेकर आए। उन्होंने तीसरी ही गेंद पर यशस्वी को बोल्ड कर दिया। यशस्वी खाता भी नहीं खोल पाए। उनकी जगह संजू सैमसन क्रीज पर आए।
चेतन साकरिया ने कोलकाता नाइटराइडर्स को चौथा झटका दिया। उन्होंने 18वें ओवर की पहली गेंद पर राहुल त्रिपाठी को बोल्ड कर दिया। राहुल 3 चौके की मदद से 14 गेंद में 21 रन बनाकर आउट हुए। साकरिया की यह लेग स्टंप पर गुडलेंथ गेंद थी। राहुल एक पैर जमीन पर टिका कर लेग साइड में हवाई शॉट खेलना चाहते थे, लेकिन गेंद ने बल्ले को चकमा दे दिया और विकेट से जा लगी। राहुल की जगह इयोन मॉर्गन क्रीज पर आए हैं।
शुभमन गिल पचासा जड़ने के बाद अगले ही ओवर में आउट हो गए। क्रिस मॉरिस की फुलर लेंथ की गेंद को उन्होंने ऑन साइड में मारने की कोशिश की। लीडिंग एज लगा और गेंद गई कवर की दिशा में। वहां यशस्वी जायसवाल ने कैच पकड़ने में कोई गलती नहीं की। इसके साथ ही गिल की बढ़िया पारी का अंत हो गया। मॉरिस ने आईपीएल के दूसरे चरण में पहला विकेट झटका है। गिल 44 गेंद में 4 चौके और 2 छक्के की मदद से 56 रन बनाकर आउट हुए। उनकी जगह दाएं हाथ के बल्लेबाज दिनेश कार्तिक क्रीज पर आए।
शुभमन गिल ने 15वें ओवर की 5वीं गेंद पर चौका जड़कर अपना पचासा पूरा किया। चेतन साकरिया की इस गेंद को वह आगे निकलकर ऑन साइड में मारना चाहते थे, बल्ले का भीतरी किनारा लगा, भाग्य का सहारा मिला और गेंद फाइन लेग सीमा रेखा के बाहर चली गई।
कोलकाता के लिए शुभमन गिल और वेंकटेश अय्यर की सलामी जोड़ी ने पारी का आगाज किया। राजस्थान के लिए जयदेव उनादकट पहला ओवर लेकर आए। गिल ने उनकी दूसरी गेंद पर 2 रन लेकर अपना और टीम का खाता खोला। अगली ही गेंद पर गिल ने मिडऑफ के ऊपर से चौका जड़ दिया।
राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जायसवाल, लियाम लिविंगस्टोन, संजू सैमसन (विकेटकीपर/कप्तान), ग्लेन फिलिप्स, अनुज रावत, शिवम दुबे, क्रिस मॉरिस, राहुल तेवतिया, जयदेव उनादकट, चेतन साकरिया, मुस्तफिजुर रहमान।
कोलकाता नाइट राइडर्स: शुभमन गिल, वेंकटेश अय्यर, राहुल त्रिपाठी, नितीश राणा, इयोन मोर्गन (कप्तान), दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), शाकिब अल हसन, सुनील नरेन, लॉकी फर्ग्युसन, शिवम मावी, वरुण चक्रवर्ती।
