मुंबई इंडियंस के आक्रामक बल्लेबाज कीरोन पोलार्ड ने आईपीएल के 13वें मैच में किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने 20 गेंद पर 47 रनों की तूफानी पारी खेली। इस दौरान पोलार्ड ने 3 चौके और 4 छक्के लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 235 का रहा है। उनके इस आक्रामक बल्लेबाजी के पीछे क्या राज है, यह भारत के पूर्व क्रिकेटर और चयनकर्ता किरण मोरे ने कमेंट्री के दौरान किया। उन्होने कहा कि पोलार्ड 7 ग्रिप बैट पर लगाते हैं।
मोरे ने कहा कि ज्यादातर बल्लेबाज दो ग्रिप के बल्लेबाज के इस्तेमाल करते हैं, लेकिन अपने बल्ले पर 7 ग्रिप लगाते हैं। इससे बल्ला उनकी हाथों में ठीक से बैठ पाता है और गेंद बीच में लगते ही स्टैंड में गिरती है। पोलार्ड चार आईपीएल जीतने वाले क्रिकेटर हैं। पोलार्ड ने अपने टी20 करियर में 1300 से ज्यादा बाउंड्रीज लगाए हैं। उनके नाम 682 छक्के और 664 चौके हैं। चौके से ज्यादा उन्होंने छक्के ही लगाए हैं। वे 33 साल के हो चुके हैं, लेकिन आक्रामक बल्लेबाजी में कोई कमी नहीं आई है।
पोलार्ड के टी20 करियर की बात करें तो वे 17 टीमों की ओर से खेल चुके हैं। इस दौरान 2006 से लेकर अब तक उन्होंने 516 मुकाबलों में 10345 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 31.44 का रहा है। पोलार्ड तेजी से रन बनाते हैं, इसलिए उनका स्ट्राइक रेट 151.97 का रहा है। उन्होंने एक शतक लगाया। वे अर्धशतकों का अर्धशतक पूरा कर चुके हैं। पोलार्ड ने 51 फिफ्टी लगाई है। 18 बार वे शून्य पर भी आउट हुए हैं। 104 रन पोलार्ड का उच्चतम स्कोर है।
पोलार्ड ने हार्दिक पंड्या के साथ मिलकर किंग्स इलेवन पंजाब के गेंदबाजों की जमकर कुटाई की। दोनों ने मिलकर आखिरी 23 गेंद पर नाबाद 67 रनों की साझेदारी कर दी। पोलार्ड ने इससे पहले रोहित शर्मा के साथ मिलकर 18 गेंद पर 41 रनों की साझेदारी की थी। उन्होंने पंजाब के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। खासकर आखिरी ओवर में कृष्णप्पा गौतम की गेंद पर 3 छक्के जड़ दिए।