खो-खो फेडरेशन ऑफ इंडिया (केकेएफआई) ने गुरुवार 9 जनवरी को खो-खो विश्व कप 2025 के लिए भारत की पुरुष और महिला टीमों की घोषणा की। खो-खो विश्व कप का आयोजन 13 से 19 जनवरी तक नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में होगा। इस मेगा इवेंट के पहले संस्करण में 23 देशों की 20 पुरुष टीमें और 19 महिला टीमें हिस्सा लेंगी। पुरुष टीम का नेतृत्व हरफनमौला प्रतीक वाइकर करेंगे। महिला टीम का कप्तान प्रियंका इंगले को चुना गया है।

प्रतीक वाइकर को भारतीय पुरुष टीम की कमान

एकलव्य पुरस्कार विजेता प्रतीक वाइकर ने 2016 में भारत के लिए पदार्पण किया था। प्रतीक वाइकर जब 8 साल के थे तब उन्हें पड़ोसी को देखकर खो-खो खेलने की प्रेरणा मिली थी। प्रतीक तब से खो-खो खेल रहे हैं। हालांकि, उन्होंने पढ़ाई पर भी पूरा ध्यान दिया और कंप्यूटर साइंस और फाइनेंस में डिग्री हासिल की। हालांकि, 2-2 डिग्रियां होने के बावजूद प्रतीक ने पेशेवर रूप से खो-खो को अपनाया। उन्होंने खेल कोटे के जरिये नौकरी भी हासिल की। प्रतीक अल्टीमेट खो-खो लीग में तेलुगु योद्धाज की कप्तानी कर चुके हैं। महाराष्ट्र को 56वीं सीनियर नेशनल चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक दिलाने में भी उनका अहम योगदान रहा था।

प्रियंका इंगले ने 15 साल में खेले 23 नेशनल टूर्नामेंट

प्रियंका इंगले की बात करें तो वह पिछले 15 साल में 23 राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुकी हैं। उनकी उपलब्धियों में इला पुरस्कार (सर्वश्रेष्ठ सब-जूनियर खिलाड़ी), रानी लक्ष्मी बाई पुरस्कार (2022 सीनियर नेशनल) और चौथी एशियाई खो-खो चैंपियनशिप 2022-23 में स्वर्ण पदक शामिल हैं। प्रियंका खेल के साथ-साथ पढ़ाई में भी अव्वल हैं। वह कॉमर्स में परास्नातक हैं। ऑलराउंडर प्रियंका इंगले अब मुंबई में आयकर विभाग में बतौर टैक्स असिस्टेंट कार्यरत हैं। हाल ही में उन्हें महाराष्ट्र सरकार ने खेल विभाग में ग्रेड 2 लेवल के जॉब का ऑफर भी दिया है।

मेरे लिए सपना सच होने जैसा: प्रतीक वाइकर

कप्तान चुने जाने के हबाद प्रतीक वाइकर ने कहा, ‘यह मेरे लिए एक सपने के सच होने जैसा है। जब पदाधिकारी घोषणा कर रहे थे, तो मेरे रोंगटे खड़े हो गए। मैं बहुत लंबे समय से खो-खो खेल रहा हूं। मैं बस उत्साहित था। कप्तान के रूप में भारतीय टीम के हिस्से के रूप में अपना नाम घोषित होने का इंतजार कर रहा था। यह मेरे लिए एक बड़ी उपलब्धि है, क्योंकि घर में पहली बार खो-खो विश्व कप में अपने देश का नेतृत्व करना मेरे करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि है।’

भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतूंगी: प्रियंका इंगले

महिला टीम की कप्तान प्रियंका इंगले ने कहा, ‘…चूंकि यह पहला विश्व कप है और मुझे भारतीय महिला टीम की कप्तान के रूप में चुना गया है, इसलिए मैं बहुत अच्छा महसूस कर रही हूं। सभी ने मुझ पर इतना भरोसा दिखाया है कि मुझे यह जिम्मेदारी सौंपी है। मैं अपनी पूरी क्षमता से उनके भरोसे को पूरा करूंगी और भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतूंगी।’

खो-खो फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव एमएस त्यागी ने बताया कि 10 दिसंबर 2024 से दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में इंडिया ट्रेनिंग कैम्प आयोजित किया गया था। उसमें हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों से ही टीम इंडिया का चयन किया गया है।

खो-खो विश्व कप के लिए चुनी गईं भारत की पुरुष और महिला टीमें

टीम इंडिया (पुरुष): प्रतीक वाइकर (कप्तान), प्रबानी सबर, मेहुल, सचिन भारगो, सुयश गर्गटे, रामजी कश्यप, शिवा पोथिर रेड्डी, आदित्य गणपुले, एमएक गौतम, निखिल बी, आकाश कुमार, सुब्रमणि वी, सुमन बर्मन, अनिकेत पोटे, एस. रोकेसन सिंह। स्टैंडबाय: अक्षय बंगारे, राजवर्धन शंकर पाटिल, विश्वनाथ जानकीराम।

टीम इंडिया (महिला): प्रियंका इंगले (कप्तान), अश्विनी शिंदे, रेशमा राठौड़, भीलर देवजीभाई, निर्मला भाटी, नीता देवी, आर चैतरा, सुभाश्री सिंह, मगई माझी, अंशु कुमारी, वैष्णवी बजरंग, नसरीन शेख, मीनू, मोनिका, नाजिया बीबी। स्टैंडबाय: सम्पदा मोरे, रितिका सिलोरिया, प्रियंका भोपी।