युवराज सिंह बेबाक बयानबाजी के लिए प्रसिद्ध हैं। इसके चलते वह कई बार विवादों में भी फंस चुके हैं। युवराज ने एक बार कॉमेडियन कपिल शर्मा के शो ‘कॉमेडी नाइट्स विद् कपिल’ (Comedy Nights With Kapil) में वीरेंद्र सहवाग समेत भारतीय क्रिकेट टीम के एक पूर्व क्रिकेटर का खूब मजाक बनाया था। उस शो में उनके साथ हरभजन सिंह भी थे। हरभजन सिंह भी कहां चूकने वाले थे। उन्होंने एक पंजाबी सिंगर की पोल खोली थी।
यह तो सभी लोग जानते हैं कि वीरेंद्र सहवाग, सचिन तेंदुलकर, हरभजन सिंह अब भले ही बहुत अच्छी अंग्रेजी बोल लेते हों, लेकिन करियर की शुरुआत में उनकी इस भाषा पर पकड़ बहुत कम थी। सहवाग और हरभजन तो विदेश में होने वाली किसी क्रिकेट समारोह में सिर्फ इसलिए कोई कोना ढूंढते थे, अन्यथा कहीं उन्हें अंग्रेजी में जवाब ना देना पड़ जाए। कपिल शो में युवराज ने बताया, ‘वीरू को इंग्लिश से बहुत तकलीफ होती थी। अब पता नहीं कितनी है।’
उन्होंने कहा, ‘हम न्यूजीलैंड में खेल रहे थे। मैं और सहवाग बर्गर खा रहे थे। उसी समय वहां एक आदमी आया। वह भारतीय था। वह आश्चर्य जताते हुए कहता है कि वीरेंद्र सहवाग। वीरू कहता है यप्प। वह अंग्रेजी में पूछता है, हाऊ यू लाइक ए न्यूजीलैंड (आपको न्यूजीलैंड कैसा लगा? इस पर वीरू ने फिर कहा- यप्प।’ यह सुनकर शो में मौजूद कपिल, नवजोत सिंह सिद्धू और हरभजन सिंह सब हंसने लगे।
युवराज ने आगे कहा, ‘हमारे एक पुराने क्रिकेटर हैं, मैं उनका नाम नहीं लूंगा। पुराने क्रिकेटर्स में शैरी पाजी (नवजोत सिंह सिद्धू) भी आते हैं। वह क्रिकेटर विलायत चले गए। पहला-पहला टूर था। वहां वह एक रेस्टोरेंट में गए। उनको इंग्लिश डिश के नाम तो मालूम नहीं थे। घर से सिर्फ कोल्ड ड्रिंक का पता था। वेट्रेस आई तो उन्होंने कहा- टू कोल्ड ड्रिंक। वेट्रेस दो कोल्ड ड्रिंक ले आई। तो वह कहते हैं सिट डाउन। वेट्रेस बैठ गई। तो वह कहते हैं नहीं नहीं, यू स्टैंड अप, कोल्ड ड्रिंक सिट डाउन।’
इसके बाद हरभजन सिंह ने कहा, ‘एक पंजाबी सिंगर हैं। मैं नाम नहीं लूंगा। वह बहुत बड़े सिंगर हैं। वह फ्लाइट में बैठे थे। उन्होंने एयर होस्टेस से इशारों-इशारों में ही पीने की फरमाइश की। एयर होस्टेस ने उन्हें सोडा लाकर दे दिया। इस पर उन्होंने कहा- स्नो। यह सुनते ही एयर होस्टेस बिल्कुल हिल गई। उसने आश्चर्य जताते हुए पूछा- स्नो? नो स्नो, नो स्नो।’
हरभजन ने आगे बताया, ‘इस पर वह पंजाबी सिंगर दूसरे के कान के पास अपना मुंह ले जाकर पूछते हैं, समझ ही नहीं रही है। बर्फ नू की कहदें (बर्फ को अंग्रेजी क्या कहते हैं)। इस पर वह बगल वाला बंदा कहता है कि पाजी मैंनू की पता। मैं भी तो पहली बार ही आया हूं।’
