आईपीएल 2022 (IPL 2022) के मेगा ऑक्शन में रविचंद्रन अश्विन को राजस्थान रॉयल्स ने 5 करोड़ रुपए में खरीदा था। पिंक आर्मी में उनके आते ही हर जगह एक ही चर्चा थी कि जोश बटलर और रविचंद्रन अश्विन एक ही टीम में खेलेंगे। दरअसल आपको याद दिला दें कि 2019 आईपीएल में मांकडिंग के बाद दोनों काफी सुर्खियों में रहे थे।

हर तरफ हो रही चर्चाओं के बाद जोस बटलर ने भारतीय स्पिनर के नाम वीडियो मैसेज भेजा है। वह इस मैसेज में कहे रहे हैं, अश्विन चिंता मत करिए मैं क्रीज के अंदर ही रहूंगा। आगे एक साथ ड्रेसिंग रूम शेयर करने पर हमारी नजर है। हल्ला बोल। वहीं अश्विन ने शनिवार को एक ट्वीट रिट्वीट करते हुए प्रतिक्रिया दी थी।

आपको बता दें कि राजस्थान रॉयल्स ने संजू सैमसन, जोस बटलर और यशस्वी जायसवाल को रिटेन किया था। फिर मेगा ऑक्शन की मार्की लिस्ट में दो करोड़ के बेस प्राइज के साथ आए अश्विन पर भी फ्रेंचाइजी ने दांव लगा दिया। इसके अलावा राजस्थान ने शिखर धवन और ट्रेंट बोल्ट जैसे बड़े नामों पर भी बोली लगाई थी।

क्या था पूरा विवाद?

मुकाबला था राजस्थान रायल्स और किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) के बीच। राजस्थान के सलामी बल्लेबाज जोस बटलर 43 गेंद में 69 रन बनाकर खेल रहे थे। उसी वक्त पंजाब के कप्तान आर अश्विन ने जयपुर में खेले गए मैच के दौरान बटलर को मांकड आउट कर दिया। आईपीएल के इतिहास में ‘मांकडिंग’ के शिकार होने वाले पहले बल्लेबाज बन गए थे।

हालांकि, अश्विन ने उन्हें चेतावनी दिए बिना ही मांकडिंग से आउट किया था। क्रिकेट के नियमों के अनुसार तीसरे अंपायर ने उन्हें आउट दिया। लेकिन इस विकेट पर खेल भावना को लेकर दुनियाभर में काफी चर्चा हुई। वहीं इसके बाद बटलर और अश्विन के बीच भी तीखी बहस देखने को मिली थी।

फिलहाल यह बात है तीन साल पुरानी। अब दोनों खिलाड़ी एक टीम में वापस आ गए हैं। अश्विन पिछले साल दिल्ली कैपटिल्स का हिस्सा थे जिन्हें रिलीज किया गया था लेकिन अब वह रॉयल्स के लिए पिंक जर्सी में खेलते दिखेंगे। अश्विन के रिकॉर्ड की बात करें तो आईपीएल में उन्होंने 167 आईपीएल मैचों में 145 विकेट झटके हैं। उनकी इकोनॉमी 7 के अंदर 6.91 की है। बल्ले से भी उनके 456 रन निकले हैं।