इंग्लैंड ने तीन टी20 मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 5 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही उसने सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। दक्षिण अफ्रीका ने मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 179 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड की टीम ने 19.2 ओवर में 5 विकेट पर 183 रन बना लिए। उसके लिए जॉनी बेयरस्टो ने तूफानी पारी खेली। उन्होंने 48 गेंदों पर 86 रनों की तूफानी पारी खेली।
मैच में टॉस जीतकर इंग्लैंड ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। उसका यह निर्णय उस समय सही साबित हुआ जब पहले ओवर की आखिरी गेंद पर सैम करन ने टेम्बा बवुमा (5) को जोस बटलर के हाथों कैच करा दिया। इसके बाद कप्तान क्विंटन डीकॉक और फाफ डुप्लेसिस ने पारी को संभाला और दूसरे विकेट के लिए 77 रनों की साझेदारी की। डीकॉक 23 गेंद पर 30 रन बनाकर क्रिस जॉर्डन का शिकार बन गए। डुप्लेसिस ने आईपीएल के अपने शानदार फॉर्म को जारी रखा और 40 गेंद पर 58 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 4 चौके और 2 छक्के लगाए। उन्हें सैम करन ने पवेलियन का रास्ता दिखाया।
Faf du Plessis gets his first half-century of the #KFCT20 series
5⃣0⃣ runs
3⃣4⃣ balls
4⃣ boundaries
2⃣ maximums#SeeUsOnThePitch #SAvENG #KFCT20 | @KFCSA pic.twitter.com/FmdNk9f14v— Cricket South Africa (@OfficialCSA) November 27, 2020
इसके बाद वान डर डुसेन और हेनरिच क्लासेन ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। डुसेन ने 28 गेंद पर 3 छक्कों की मदद से 37 रन बनाए। क्लासेन ने 12 गेंद पर दो चौकों की मदद से 20 रन बनाए। जॉर्ज लिंडे ने 6 गेंद पर 12 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए सैम करन ने तीन विकेट लिए। उनके अलावा क्रिस जॉर्डन, टॉम करन और जोफ्रा आर्चर को एक-एक सफलता मिली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम की शुरुआत खराब रही। 34 रन पर उसके 3 विकेट गिर गए। जेसन रॉय खाता भी नहीं खोल सके। जोस बटलर 7 और डेविड मलान 19 रन बनाकर आउट हुए।
इंग्लैंड की टीम एक समय मुश्किल में दिख रही थी। तीन विकेट गिर जाने के बाद जॉनी बेयरस्टो और बेन स्टोक्स ने पारी को संभाला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 85 रन की साझेदारी की। स्टोक्स 27 गेंद पर 37 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने 1 चौका और 3 छक्के लगाए। इसके बाद कप्तान इयॉन मॉर्गन और बेयरस्टो ने मिलकर टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया। मॉर्गन 10 गेंद पर 12 रन बनाकर पवेलियन लौटे। बेयरस्टो ने सैम करन के साथ मिलकर टीम को जीत दिला दी। उन्होंने 86 रन की पारी में 9 चौके और 4 ताबड़तोड़ छक्के लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 179.17 का रहा। करन 3 गेंद पर एक छक्के की मदद से 7 रन बनाकर नाबाद रहे। दक्षिण अफ्रीका के लिए जॉर्ज लिंडे और लुंगी एंगिडी ने 2-2 विकेट लिए।