भारत के अनुभवी तेज गेंदबाज इशांत शर्मा की उंगलियों की सर्जरी हुई है। उनकी उंगलियों पर कई टाके लगे हैं। दरअसल, इशांत वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ चोटिल हो गए थे। रॉस टेलर के शॉट को अपनी ही गेंद पर पकड़ने के प्रयास में उन्हें चोट लगी थी। इसके बाद मैदान से बाहर हो गए थे। इंग्लैंड के खिलाफ 4 अगस्त से शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज में उनके खेलने पर संशय है। हालांक, टीम मैनेजमेंट को भरोसा है कि वे फिट हो जाएंगे।

बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया, ‘‘इशांत के दाहिने हाथ में मध्यमा और चौथी उंगली पर कई टांके लगे हैं। हालांकि यह बहुत गंभीर नहीं है। लगभग 10 दिनों में टांके हट हो जाएंगे और इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए अभी छह सप्ताह शेष है। उनके समय पर ठीक होने की उम्मीद है।’’ भारतीय टीम गुरुवार (24 जून) को साउथम्प्टन से लंदन पहुंची। वहां तीन सप्ताह आराम करेगी। खिलाड़ियों को यात्रा की अनुमति दी गई है, लेकिन बुलाए जाने पर तुरंत वापस आना होगा।

बीसीसीआई के अधिकारी ने कहा, ‘‘टीम एक साथ लंदन पहुंची। यहां सभी 20 दिनों के ब्रेक के लिए यूके के भीतर अपने-अपने स्थानों के लिए रवाना हो सकते हैं।’’ अधिकांश खिलाड़ियों के लंदन और उसके आसपास परिचित होने के कारण उनके केवल यूके की राजधानी में होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा, ‘‘कुछ खिलाड़ी टेनिस फैन हैं और यदि विंबलडन दर्शकों को अनुमति देता है, तो आप उन्हें वहां देख सकते हैं। कुछ खिलाड़ी इस बात का पता कर रहे हैं कि वेम्बले स्टेडियम में यूरो 2020 के टिकट उपलब्ध हैं या नहीं।’’

सभी 14 जुलाई को लंदन में एकत्रित होंगे और फिर नॉटिंघम जाएंगे जहां पहला टेस्ट खेला जाएगा। भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। भारत अपनी दूसरी पारी में 170 रन ही बना पाया जिससे पहली पारी में 32 रन की बढ़त हासिल करने वाले न्यूजीलैंड को 139 रन का लक्ष्य मिला। उसने दो विकेट पर 140 रन बना लिए। भारत ने अपनी पहली पारी में 217 रन बनाए थे जिसके जवाब में न्यूजीलैंड 249 रन बनाने में सफल रहा था।