चेन्नई सुपरकिंग्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2021 के दूसरे चरण के पहले मैच में मुंबई इंडियंस को 20 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ वह आईपीएल 2021 की पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई। एमएस धोनी की अगुआई वाली चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए टॉप पर पहुंचना इसलिए भी और महत्वपूर्ण है, क्योंकि आईपीएल 2020 में उसने अपना अभियान अंक तालिका में सेकंड लास्ट (सातवें नंबर) पर रहते हुए समाप्त किया था।
चेन्नई सुपरकिंग्स के टॉप पर पहुंचने से रोहित शर्मा की अगुआई वाली मुंबई इंडियंस की भी परेशानी बढ़ गई है। चेन्नई सुपरकिंग्स ने आईपीएल 2021 में अब तक 8 मैच खेले हैं। इनमें से उसने 6 में जीत हासिल की है। उसके 12 अंक हैं। उसका नेट रनरेट +1.223 है। दिल्ली कैपिटल्स ने भी 8 में से 6 मैच जीते हैं। उसके भी 12 अंक हैं, लेकिन उसका नेट रनरेट +0.547 ही है, इसलिए वह दूसरे नंबर पर है।
तीसरे नंबर पर विराट कोहली की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर (आरसीबी) है। उसने अब तक 7 में से 5 मैच जीते हैं। उसके 10 अंक हैं। उसका नेट रनरेट -0.171 है। मुंबई इंडियंस अब तक 8 में से 4 मैच ही जीत पाई है। उसके 8 अंक हैं। उसका नेट रनरेट भी माइनस में यानी -0.071 है। चेन्नई के खिलाफ हार झेलने के कारण मुंबई की अब प्लेऑफ में पहुंचने की राह और कठिन हो गई है।
क्रिकेटर की वाइफ से लेकर फिल्म की हीरोइन तक, ये हैं IPL की टॉप फीमेल एंकर्स
आईपीएल 2021 में मुंबई इंडियंस को अब 6 मैच और खेलने हैं। इन 6 मुकाबलों में उसे कम से कम 3 मैच जीतने होंगे, तभी वह आसानी से प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर पाएगी। हमने आईपीएल में 12 अंकों के साथ भी टीमों को प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करते देखा है, लेकिन उस सूरत में उन्हें दूसरी टीमों की हार की दुआ और भाग्य का साथ मिलने की प्रार्थना करनी पड़ी थी।
अब तक के आए नतीजों के आधार पर कहा जा सकता है कि चेन्नई सुपरकिंग्स और दिल्ली कैपिटल्स ही प्लेऑफ में जगह सुनिश्चित करती दिख रही हैं। आइए एक नजर आईपीएल की पॉइंट्स टेबल (19 सितंबर 2021 तक के मैच के आधार पर) पर डालें।
स्थान | टीमें | मैच खेले | जीते | हारे | अंक | नेट रनरेट |
पहला | चेन्नई सुपर किंग्स | 8 | 6 | 2 | 12 | +1.223 |
दूसरा | दिल्ली कैपिटल्स | 8 | 6 | 2 | 12 | +0.547 |
तीसरा | रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर | 7 | 5 | 2 | 10 | -0.171 |
चौथा | मुंबई इंडियंस | 8 | 4 | 4 | 8 | -0.071 |
पांचवां | राजस्थान रॉयल्स | 7 | 3 | 4 | 6 | -0.190 |
छठा | पंजाब किंग्स | 8 | 3 | 5 | 6 | -0.368 |
सातवां | कोलकाता नाइटराइडर्स | 7 | 2 | 5 | 4 | -0.494 |
आठवां | सनराइजर्स हैदराबाद | 7 | 1 | 6 | 2 | -0.623 |