इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) से पहले दिसंबर के दूसरे हफ्ते में मिनी ऑक्शन होगा। इससे पहले रिटेंशन की तारीख सामने आ गई है। भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच पांचवें टी20 मैच के दौरान ऑफशियल ब्रॉडकास्टर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क ने जानकारी दी कि 15 नवंबर को 10 फ्रेंचाइजियों को रिटेंशन लिस्ट जारी करनी होगी। छोटे ऑक्शन से पहले कितने खिलाड़ियों को रिटेन करना है यह नंबर फिक्स नहीं होता।
आईपीएल 2026 रिटेंशन के दौरान संजू सैमसन और राजस्थान रॉयल्स की राहें अलग होती हैं या नहीं इस पर निगाहें होंगी। संजू को ट्रेड को लेकर काफी चर्चा है। ट्रेड न होने पर वह ऑक्शन में भी दिख सकते हैं। संजू और राजस्थान के बीच संबंध अच्छे नहीं हैं। ऐसे में दोनों की राहें जुदा होना तय है, लेकिन यहां एक पेंच है। संजू किसी और टीम के लिए खेलेंगे या नहीं यह पूरी तरह से राजस्थान रॉयल्स के हाथों में है।
संजू सैमसन के हाथों में रिलीज होना नहीं
संजू सैमसन तीन साल 2025 से 2027 के साइकल के लिए राजस्थान रॉयल्स से करार कर चुके हैं। ऐसे में राजस्थान रॉयल्स रिलीज नहीं करती है तो न चाहते हुए भी संजू को फ्रेंचाइजी के साथ जुड़े रहना होगा। संजू सैमसन को लेकर कुछ फ्रेंचाइजियों ने रुचि दिखाई है, लेकिन किसी को राजस्थान रॉयल्स प्रबंधन की ट्रेड की शर्तें स्वीकार नहीं है। चेन्नई सुपर किंग्स ने खुले तौर पर रुचि व्यक्त की है, लेकिन नीतिगत तौर पर फ्रेंचाइजी अपने खिलाड़ियों को ट्रेड करने को तैयार नहीं हैं।
सैमसन का ट्रेड आसान नहीं
सैमसन को 18 करोड़ रुपये में राजस्थान रॉयल्स ने रिटेन किया था। इतनी बड़ी रकम के खिलाड़ी को ट्रेड करना आसान नहीं है, लेकिन पीछे ऐसा हो चुका है। आईपीएल 2024 से पहले मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस से ट्रेड करके हार्दिक पंड्या को अपने साथ जोड़ा था। इसके लिए उसने ऑल कैश डील में कैमरन ग्रीन को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से 17.5 करोड़ रुपये में ट्रेड किया था। मुंबई ने इसके बाद ऑल कैश डील में हार्दिक को अपने साथ जोड़ा।
