IPL Records: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2020 के 34वें मैच में शिखर धवन ने शतक बनाने के साथ ही भारतीय क्रिकेटरों के नाम एक अनोखा रिकॉर्ड दर्ज कराया। आईपीएल के इस सीजन अब तक केएल राहुल, मयंक अग्रवाल और शिखर धवन ने ही शतक लगाए हैं। टूर्नामेंट के 13 साल के इतिहास में यह पहली बार है जब किसी सीजन में शुरुआती तीन शतक भारतीयों के नाम हुए हैं। धवन ने चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ मैच में 14 चौके और एक छक्के मदद से 58 गेंद में 101 रन की पारी खेलकर यह उपलब्धि हासिल की।

चेन्नई के खिलाफ दिल्ली की जीत में अक्षर पटेल ने भी अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 3 छक्के की मदद से 5 गेंदों में 21 रन ठोक दिल्ली को जीत का स्वाद चखाया। दिल्ली को जीत के लिए आखिरी 5 गेंद में 15 रन बनाने थे। अक्षर पटेल ने 20वें ओवर की दूसरी, तीसरी और पांचवीं गेंद पर छक्का जड़ चेन्नई की झोली में एक अनचाहा रिकॉर्ड डाल दिया। दरअसल, दिल्ली को आखिरी ओवर में 17 रन बनाने थे। महेंद्र सिंह धोनी ने 20वां ओवर फेंकने के लिए रविंद्र जडेजा को गेंद दी, लेकिन वह दिल्ली को जीत से नहीं रोक पाए।

चेन्नई पहली बार आखिरी ओवर में 17 रन डिफेंड नहीं कर पाई है। मतलब ऐसा स्कोर जो आखिरी ओवर में किसी टीम को बनाना था और चेन्नई सुपरकिंग्स उसे जीत से रोक नहीं पाई। इससे पहले 2012 में वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के खिलाफ वह 16 रन डिफेंड (मुंबई को आखिरी ओवर में 16 रन बनाने थे, लेकिन चेन्नई को हार झेलनी पड़ी थी) नहीं कर पाई थी। उस समय गेंदबाज बेन हिलफेनहॉस थे।

आईपीएल 2020 में अब तक सबसे ज्यादा मैन ऑफ द मैच जीतने का रिकॉर्ड भी दिल्ली कैपिटल्स के नाम है। उसके खिलाड़ियों ने अब तक 7 मैन ऑफ द मैच जीते हैं। इस मामले में दूसरे नंबर पर मुंबई इंडियंस है। उसके खिलाड़ियों ने 5 मैन ऑफ द मैच जीते हैं। खास यह है कि हर मैच में दिल्ली का अलग खिलाड़ी मैन ऑफ द मैच बना है। किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ मार्कस स्टोइनिस, चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ पहले मैच में पृथ्वी शॉ, कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ श्रेयस अय्यर मैन ऑफ द मैच बने थे।

वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर के खिलाफ अक्षर पटेल, राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ पहले मैच में रविचंद्रन अश्विन, राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ दूसरे मैच में एनरिक नोर्त्जे और चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ दूसरे मैच में शिखर धवन प्लेयर ऑफ द मैच बने। 17 अक्टूबर की रात रविंद्र जडेजा ने 4 छक्के की मदद से 13 गेंद में 33 रन बनाए। हालांकि, बाद में गेंदबाजी करते हुए उन्होंने 11 गेंद में 35 रन लुटा दिए, यानी दिल्ली के बल्लेबाजों ने अपने गेंदबाजों का बदला उनसे ले लिया। उनकी गेंदों पर 3 छक्के और 2 चौके पड़े।