कोरोनावायरस के कारण इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 13वें सीजन को अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया गया है। इसी बीच हम आपको इस टूर्नामेंट से संबंधित कुछ ऐसे रिकॉर्ड के बारे में जानकारी दे रहे हैं, जिसके बारे में शायद ही पता ही होगा। आईपीएल में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम दर्ज है। उन्होंने 30 गेंद पर ही 2013 में पुणे वॉरियर्स इंडिया के खिलाफ यह रिकॉर्ड बना दिया था, लेकिन सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड एक भारतीय खिलाड़ी केएल राहुल के नाम दर्ज है।
राहुल ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 2018 में यह रिकॉर्ड बनाया था। उन्होंने किंग्स इलेवन पंजाब की ओर से खेलते हुए 14 गेंद पर ही अर्धशतक पूरा कर लिया था। राहुल ने 4 छक्के और 6 चौकों की मदद से 51 रन बनाए थे। राहुल को 13वें सीजन के लिए किंग्स इलेवन पंजाब का कप्तान भी बनाया गया है। इस मामले में दूसरे स्थान पर हैं आक्रामक बल्लेबाज यूसुफ पठान। उन्होंने कोलकाता नाइटराइडर्स के लिए खेलते हुए 2014 में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 15 गेंद पर अर्धशतक लगा दिया था। पठान ने 7 छक्के और 5 चौकों की मदद से 72 रन बनाए थे।
सबसे तेज अर्धशतक के मामले में तीसरे स्थान वेस्टइंडीज के स्पिनर और कोलकाता नाइटराइडर्स के लिए ओपनिंग करने वाले सुनील नरेन हैं। नरेन ने भी 15 गेंद पर अर्धशतक पूरा कर लिया था। उन्होंने 2017 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ खेलते हुए 54 रन बनाए थे। उस पारी में नरेन के बल्ले से 4 छक्के और 6 चौके निकले थे। चौथे नंबर पर ‘मिस्टर आईपीएल’ कहे जाने वाले चेन्नई सुपरकिंग्स के सुरेश रैना हैं। रैना ने 2014 में किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ 16 गेंदों पर अर्धशतक लगा दिए थे। उन्होंने उस पारी में 6 छक्के और 12 चौकों की मदद से 87 रन बनाए थे।
सबसे तेज अर्धशतक लगाने के मामले में क्रिस गेल पांचवें स्थान पर हैं। उन्होंने जिस पारी में सबसे तेज शतक लगाया था, उसी में यह उपलब्धि अपने नाम की थी। गेल ने 17 गेंद पर ही अर्धशतक लगा दिए थे। उस पारी में उन्होंने 17 छक्के और 13 चौकों की मदद से 175 रन बनाए थे। यह आईपीएल इतिहास में किसी खिलाड़ी का उच्चतम स्कोर है।