आईपीएल 2025 के लिए होने वाले मेगा नीलामी से पहले टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने रोहित शर्मा और ऋषभ पंत को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की है। आकाश चोपड़ा का मानना है कि रोहित शर्मा आईपीएल 2025 में मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए नजर नहीं आ सकते हैं तो वहीं उन्होंने पंत के सीएसके टीम के साथ जुड़ने को लेकर भी अपनी राय दी।

आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी का आयोजन दिसंबर में किया जा सकता है, लेकिन इससे पहले ऐसी बातें सामने आ रही है कि रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस का साथ छोड़ सकते हैं तो वहीं ऋषभ पंत दिल्ली का साथ छोड़कर सीएसके के साथ जुड़ सकते हैं। वैसे मुंबई को 5 बार चैंपियन बनाने वाले रोहित शर्मा क्या मुंबई को छोड़ सकते हैं ये सवाल सबसे मन में है। ऐसा इसलिए है क्योंकि ऐसी कई रिपोर्ट्स आई हैं जिनमें बताया गया है कि रोहित शर्मा नीलामी में जा सकते हैं।

मुंबई का साथ छोड़ सकते हैं रोहित

आकाश चोपड़ा ने रोहित शर्मा के दूसरी टीम में जाने के बारे में बात की। 2 स्लॉगर्स यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि वैसे तो मेरे पास कोई व्यक्तिगत जानकारी नहीं है और मुझे नहीं पता कि क्या होना वाला है। रोहित अब मुंबई के कप्तान नहीं हैं और मुझे लगता है कि वो शायद अब मुंबई के साथ ना रहें। उनकी जगह हार्दिक को कप्तान बनाया गया तो ये सोच-समझकर किया गया होगा। उनके लिए 2024 अच्छा नहीं रहा, लेकिन ऐसा नहीं है कि रोहित के कप्तान रहते मुंबई का प्रदर्शन खराब ना हुआ हो। वो रोहित के रहते हुए नंबर 8 पर भी रहे। मुझे लगता है कि अगले साल वो मुंबई इंडियंस के साथ नहीं होंगे, लेकिन ये सिर्फ मेरी समझ है। बाकी अगर वो इस टीम के लिए खेलते हैं तो मुझे कोई आपत्ति नहीं है। वैसे जसप्रीत बुमराह और सूर्यकुमार टीम के साथ बने रहेंगे

पंत क्यों छोड़ेंगे दिल्ली का साथ

आकाश ने पंत के सीएसके में जाने के बारे में बात करते हुए कहा कि ये सिर्फ अटकलें हैं क्योंकि ऐसी कोई भी खबर सामने नहीं आई है कि वो दिल्ली क्यों छोड़ेंगे। सीएसके ने ऋतुराज गायकवाड़ को अपना कप्तान बनाया है तो वो उन्हें नहीं जाने देंगे। ‘येलो आर्मी’ हमेशा अपने खिलाड़ियों का समर्थन करती है और वो रुतुराज गायकवाड़ का समर्थन करेंगे। वैसे पंत इस टीम के साथ बने रह सकते हैं, लेकिन कब क्या हो जाए कुछ नहीं कहा जा सकता है।