IPL Auction 2025: मुंबई इंडियंस क्रिकेट टीम के पूर्व ऑलराउंडर व सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर को आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी में पहले निराश होना पड़ा। इस नीलामी में अर्जुन तेंदुलकर का बेस प्राइस 30 लाख रुपये था, लेकिन उन्हें किसी भी टीम ने खरीदने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। अर्जुन तेंदुलकर का नाम दूसरे दिन नीलामी में आखिर में आया था। इस बार अर्जुन तेंदुलकर को खरीदने में उनकी पुरानी टीम मुंबई ने भी कोई दिलचस्पी नही दिखाई, लेकिन दोबारा उनका नाम आने के बाद मुंबई ने उन्हें उनके बेस प्राइस पर खरीद लिया।

अर्जुन तेंदुलकर को मुंबई ने खरीदा

अर्जुन तेंदुलकर आईपीएल में पहली बार 2021 में मुंबई इंडियंस टीम का हिस्सा बने थे और इस टीम ने उन्हें 20 लाख रुपये में खरीदा था। इसके बाद साल 2022 में वो फिर से मुंबई इंडियंस टीम का हिस्सा बने थे और इस सीजन में उन्हें 30 लाख रुपये मिले थे। साल 2022 से लेकर 2024 तक वो इस टीम का हिस्सा बने रहे। साल 2024 सीजन के बाद मुंबई ने उन्हें रिलीज कर दिया था, लेकिन अगले सीजन के लिए पहले उन्हें किसी ने नहीं खरीदा। हालांकि बाद में मुंबई ने उन्हें 30 लाख में ही खरीद लिया। अर्जुन ने इस लीग में खेले 5 मैचों में 13 रन बनाए थे और सिर्फ 3 विकेट इतने ही मैचों में लिए थे।

नहीं बिके डेविड वॉर्नर

इस बार की नीलामी में डेविड वॉर्नर का नाम दो बार लिया गया, लेकिन उन्हें किसी ने नहीं खरीदा तो वहीं पीयूष चावला का नाम भी दो बार लिया गया, लेकिन वो भी अनसोल्ड रह गए। इसके अलावा देवदत्त पडीक्कल को 2 करोड़ में आरसीबी ने खरीद लिया जबकि मयंक अग्रवाल को भी कोई खरीदार नहीं मिल पाया। अनमोल प्रीत सिंह को भी कोई खरीदार नहीं मिला और वो भी नहीं बिक पाए। अजिंक्य रहाणे का नाम भी दोबारा लिया गया और उन्हें 1.50 करोड़ में आखिरकार केकेआर ने खरीद लिया।