आईपीएल मेगा ऑक्शन 2022 के पहले दिन यानी 12 फरवरी 2022 को फ्रैंचाइजीस ने अनकैप्ड खिलाड़ियों पर जमकर पैसा बरसाया। इस सूची में एक नाम अभिनव मनोहर सदारंगनी का भी शामिल है। अभिनव का बेस प्राइस 20 लाख रुपए था। उन्हें गुजरात टाइटंस ने 2.60 करोड़ में खरीदा। उनके ऊपर कोलकाता नाइटराइडर्स, दिल्ली कैपिटल्स ने भी बोलियां लगाईं थीं।

अभिनव कर्नाटक की टीम से खेलते हैं। वह तेजी से रन बनाने में माहिर हैं। अभिनव की सैलरी आज करोड़ों में पहुंच गई है। हालांकि, उनके यहां तक पहुंचने की राह आसान नहीं रही। अभिनव के पिता की जूतों की दुकान थी, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण पिता को दुकान बंद करनी पड़ी। यही नहीं, वित्तीय नुकसान होने के कारण कुछ और कारोबार भी बंद करने पड़े, लेकिन उनकी हमेशा कोशिश रही कि बेटे का क्रिकेट करियर प्रभावित नहीं हो।

अभिनव अपने पिता के कारण ही आज क्रिकेट में इस मुकाम तक पहुंच पाए हैं। उनकी बहन शरण्या भी क्रिकेटर हैं। वह कर्नाटक के लिए आयु वर्ग क्रिकेट खेलने के बाद इंग्लैंड गईं। अब वर्तमान में जर्मन राष्ट्रीय महिला क्रिकेट टीम के लिए खेलती हैं। हालांकि, अभिनव ने देश में रुकने का फैसला किया। वह विभिन्न आयु वर्गों में लगातार अच्छा प्रदर्शन करते रहे।

आज उनकी मेहनत रंग लाई। वह इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League) में पहली बार किसी टीम का हिस्सा बने हैं। 16 नवंबर, 2021 अभिनव मनोहर सदारंगनी के करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। कर्नाटक के लिए डेब्यू करते हुए दाएं हाथ के बल्लेबाज अभिनव मनोहर ने सैयद मुश्ताक अली टी20 टूर्नामेंट में सौराष्ट्र के खिलाफ 49 गेंद में दो चौकों और छह छक्कों की मदद से 70 रन की पारी खेली।

अभिनव के बचपन के कोच इरफान सैत का मानना है कि उस पारी ने इस युवा खिलाड़ी की जिंदगी बदल दी। पुराने दिनों को याद करते हुए इरफान ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया, ‘अभिनव की उस पारी के बाद से मेरे पास कई आईपीएल टीमों के फोन आने लगे। उन्होंने अभिनव के बारे में पूछताछ की। उसकी बल्लेबाजी वीडियो के बारे में पूछा। उन सबमें ज्यादातर का यही सवाल होता था कि उसका शरीर कैसा है? वह कितना बड़ा छक्का मार सकता है? क्या वह मध्यक्रम का बल्लेबाज है या शीर्ष क्रम का है?’

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के फाइनल में कर्नाटक हार गया। तमिलनाडु के शाहरुख खान ने आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर अपनी टीम को चैंपियन बनाया। शाहरुख को पंजाब किंग्स ने 12 फरवरी 2022 को नीलामी में 9 करोड़ रुपए में खरीदा। उस टूर्नामेंट में अभिनव मनोहर ने 150 के स्ट्राइक रेट से 4 पारियों में 162 रन बनाए थे। उनके प्रदर्शन तब रंग लाता दिखा, जब कम से कम आधा दर्जन फ्रेंचाइजीस ने उन्हें चयन ट्रायल के लिए बुलाया।

अभिनव के बेस प्राइस से 13 गुना कीमत पर बिकने पर इरफान जरा भी आश्चर्यचकित नहीं हैं। उन्होंने कहा, ‘जो लोग कर्नाटक प्रीमियर लीग को देखते हैं, वे आपको बताएंगे कि वह कितने अच्छे बल्लेबाज और क्षेत्ररक्षक हैं। यह एक नई फ्रेंचाइजी है। मुझे उम्मीद है कि आईपीएल में उसे अपनी छक्का मारने की क्षमता दिखाने के लिए कुछ मैच मिलेंगे।’