ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने रविवार 8 सितंबर 2024 की रात अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली प्रीमियर लीग टी20 के उद्घाटन संस्करण के चैंपियन का खिताब हासिल किया। ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने रोमांचक फाइनल में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स को 3 रन से हरा दिया। ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 183 रन बनाए।

ईस्ट दिल्ली राइडर्स के लिए हिम्मत सिंह ने 20 गेंद पर 20 रन, हार्दिक शर्मा ने 16 गेंद पर 21 रन और मयंक रावत ने 39 गेंद पर नाबाद 78 रन बनाए। साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स के राघव सिंह ने 29 रन देकर 2 और कुलदीप यादव ने 37 रन देकर 2 विकेट लिए।

साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स 20 ओवर में 9 विकेट पर 180 रन ही बना पाई। उसकी ओर से तेजस्वी दहिया ने 24 गेंद पर 68 रन, विजन पांचाल ने 9 गेंद पर 25 रन, दिग्वेश राठी ने 16 गेंद पर नाबाद 21 रन बनाए। ईस्ट दिल्ली राइडर्स की ओर से रौनक वाघेला ने 31 रन देकर 3 और सिमरजीत सिंह ने 33 रन देकर 3 विकेट लिए। मयंक रावत भी एक विकेट (1/15) लेने में सफल रहे।

DPL 2024 के फाइनल में खराब रही साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स की शुरुआत

लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स शुरुआत में ही लड़खड़ा गई। प्रियांश आर्य (2 गेंद पर 6 रन) और आयुष बदोनी (5 गेंद पर 7 रन) की जोड़ी बहुत जल्द ही पवेलियन लौट गई। आयुष बदोनी DPL 2024 के फाइनल में भले ही बड़ी पारी नहीं खेल पाए हों, लेकिन टूर्नामेंट के ज्यादातर मुकाबलों में उनका प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने गेंद और बल्ले दोनों से परफॉर्म किया।

यही वजह है कि आयुष बदोनी अब इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 के लिए होने वाले मेगा ऑक्शन में वह कई टीमों के पसंदीदा हो सकते हैं। फ्रेंचाइजी उन्हें अपनी टीम का हिस्सा बनाने के लिए करोड़ों रुपयों तक की बोली लगा सकती हैं। आयुष बदोनी आईपीएल में 2022 से लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा हैं। फ्रेंचाइजी ने उन्हें IPL 2022 के मेगा ऑक्शन में बेस प्राइस 20 लाख रुपये में खरीदा था।

DPL 2024 में 7 मैच में बनाए 515 रन

आयुष बदोनी ने दिल्ली प्रीमियर लीग में 7 मैच में 64.38 के औसत और 226.87 के स्ट्राइक रेट से 515 रन बनाए। इसमें उनके 4 अर्धशतक और एक शतक भी शामिल है। आयुष बदोनी का उच्चतम स्कोर 165 रन रहा। आयुष बदोनी दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) में एक पारी में हाइएस्ट स्कोर (निजी) बनाने वाले बल्लेबाज भी रहे। आयुष बदोनी टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में दूसरे नंबर पर रहे। आयुष बदोनी ने 7.05 की इकॉनमी और 21.14 के औसत से 7 विकेट भी लिये। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2/23 रहा।

हार्दिक पंड्या के 1 ओवर में 2 चौके और 1 छक्का ठोका था

आयुष बदोनी ने आईपीएल (IPL) में अब तक 42 मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 24.38 के औसत 134.04 के स्ट्राइक रेट से 634 रन बनाए हैं। उनका उच्चतम स्कोर नाबाद 59 रन है। आयुष बदोनी ने आईपीएल 2022 में आईपीएल के अपने पहले मैच में ही अर्धशतक ठोक दिया था। उन्होंने 41 गेंद में 54 रन बनाए थे। आयुष बदोनी तब हार्दिक पंड्या के एक ओवर में 2 चौके और एक छक्का लगाकर सुर्खियों में आए थे।

पिछले 3 सीजन के दौरान उन्हें सिर्फ 25 गेंदें फेंकने को मिलीं, जिसमें उन्होंने 36 रन दिये और 2 विकेट अपने नाम किए। आईपीएल 2022 के एक मैच में उन्होंने 5 रन देकर 1 विकेट लिया था।