आईपीएल के अगले संस्करण के लिए हुई नीलामी के बीच ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर के साथ कुछ ऐसा हुआ जिसे उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा किया। दरअसल, वार्नर को उनकी पुरानी फ्रेंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद ने इंस्टाग्राम पर ब्लॉक कर दिया। डेविड वार्नर ने इसका स्क्रीनशॉट इंस्टा स्टोरी के जरिए फैंस के साथ साझा किया। बता दें कि डेविड वार्नर की ही कप्तानी में हैदराबाद ने 2016 में आईपीएल का खिताब जीता था।
वार्नर को कैसे चला पता?
डेविड वार्नर को हैदराबाद फ्रेंचाइजी के द्वारा इंस्टाग्राम पर ब्लॉक किए जाने का पता तब चला जब उन्होंने ट्रेविस हेड और पैट कमिंस को बधाई देने के लिए हैदराबाद को टैग करना चाहा। हैदराबाद ने ट्रेविस हेड को 6.80 करोड़ रुपए में और पैट कमिंस को 20.5 करोड़ रुपए में खरीदा। डेविड वार्नर 2024 का सीजन दिल्ली कैपिटल्स के लिए ही खेलेंगे।
SRH ने वार्नर को हटा दिया था कप्तानी से
बता दें कि कुछ सीजन पहले वार्नर और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मतभेद सामने आए थे। इस ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी को फ्रेंचाइजी ने सीजन के बीच में कप्तानी से हटा दिया था। इसके बाद से ही दोनों के बीच मतभेद पैदा हो गए थे। इसके बाद वार्नर दिल्ली कैपिटल्स में शामिल हो गए और आईपीएल 2024 की नीलामी से पहले फ्रेंचाइजी ने उन्हें बरकरार रखा। ये मतभेद आज फिर सामने आ गए जब हैदराबाद ने उन्हें ब्लॉक कर दिया।
कप्तान बन सकते हैं पैट कमिंस
आईपीएल ऑक्शन 2024 में सनराइजर्स हैदराबाद ने दो बड़े खिलाड़ियों को खरीदा। फ्रेंचाइजी ने ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस को 20.50 करोड़ रुपए में खरीदा। वहीं ट्रेविस हेड को भी फ्रेंचाइजी ने 6.80 करोड़ रुपए में खरीदा। माना जा रहा है कि हैदराबाद फ्रेंचाइजी पैट कमिंस को अपना कप्तान भी नियुक्त कर सकती है। अभी हैदराबाद की कप्तानी एडन मार्करम के हाथों में है और उनकी कप्तानी में 2023 सीजन बहुत बुरा रहा था। SRH अंक तालिका में सबसे आखिरी पायदान पर रही थी।