अंडर-19 क्रिकेट हमेशा से युवा खिलाड़ियों के लिए भारतीय टीम में जगह बनाने का बड़ा प्लेटफॉर्म रहा है। पिछले कुछ सालों में अंडर-19 के युवा क्रिकेटर्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में भी धूम मचाई है। इशान किशन, पृथ्वी शॉ, शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, प्रियम गर्ग, कमलेश नागरकोटी समेत कई ऐसे नाम हैं जिन्होंने पिछले दो-तीन आईपीएल संस्करणों में खुद को साबित किया है।
इनमें से कई खिलाड़ियों ने अंडर-19 के बाद आईपीएल टीमों में तो जगह बनाई ही साथ ही यहां भारतीय इंटरनेशनल टीम में भी उन्हें एंट्री मिली। ऐसे ही कई खिलाड़ी इस बार भी सामने आए जिन्होंने भारतीय टीम को पांचवीं बार अंडर-19 चैंपियन बनाया। भारत के अलावा इस सूची में एक सबसे चर्चित विदेशी नाम भी है जिन्हें इन दिनों जूनियर या फिर बेबी डिविलियर्स के नाम से पुकारा जा रहा है।
आइए एक-एक करके अंडर-19 के ऐसे सभी स्टार प्लेयर्स पर नजर डालते हैं जिन्होंने इस साल वर्ल्ड कप में इतिहास रचा और अब आईपीएल में भी फ्रेंचाइजीज उन पर दांव लगा सकती हैं:-
राज बावा
राज अंगद बावा वर्ल्ड कप फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए थे। उन्होंने इस टूर्नामेंट में 6 मैच खेलते हुए 252 रन बनाए और एक 5 विकेट हॉल (एक पारी में 5 विकेट) के साथ कुल 9 विकेट भी झटके। वह आईपीएल 2022 के मेगा ऑक्शन वाली 590 खिलाड़ियों की सूची में शामिल हैं। उनका बेस प्राइज 20 लाख है।
वह किसी भी फ्रेंचाइजी के लिए ऑलराउंडर के तौर पर अच्छे विकल्प साबित हो सकते हैं। इस वर्ल्ड कप में उन्होंने सबसे बड़ी 162 रनों की पारी यूगांडा के खिलाफ खेली थी। इसके अलावा फाइनल मुकाबले में उन्होंने इंग्लैंड के पांच खिलाड़ियों को पवेलियन का रास्ता भी दिखाया था। खिताबी भिड़ंत में उन्होंने बल्ले से भी 35 रनों का योगदान दिया था।
यश ढुल
भारत को अपनी कप्तानी में अंडर-19 वर्ल्ड कप जिताने वाले कप्तान यश ढुल ने इस टूर्नामेंट में 4 मैच खेलते हुए एक शतक व एक अर्धशतक के साथ कुल 229 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में शतक लगाने के बाद उन्होंने विराट कोहली और उन्मुक्त चंद की बराबरी भी की। हालांकि, फाइनल मुकाबले में वह बल्ले से कमाल नहीं कर पाए लेकिन कप्तानी उन्होंने अच्छी की।
इशान किशन, पृथ्वी शॉ और प्रियम गर्ग की तरह यश ढुल को भी आईपीएल में बड़ा मौका मिल सकता है। उनका बेस प्राइज 20 लाख है। शॉ ने अंडर-19 वर्ल्ड कप 2018 में भारत को चैंपियन बनाया था। वहीं किशन की कप्तानी में 2016 व प्रियम गर्ग की कप्तानी में भारत 2020 में रनर अप रहा था। शॉ को इस साल दिल्ली कैपिटल्स ने रिटेन किया है।
विक्की ओस्टवाल
अंडर-19 वर्ल्ड कप 2022 में भारत के लिए 6 मैचों में 12 विकेट लेकर विक्की ओस्टवाल सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज रहे। उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 28 रन देकर 5 विकेट भी लिए थे। वह आगामी आईपीएल में एक मिस्ट्री स्पिनर की भूमिका निभा सकते हैं। उनका बेस प्राइज 20 लाख रुपए हैं। उनके ऊपर फ्रेंचाइजीज दांव लगा सकती हैं।
डेवाल्ड ब्रेविस
अंडर-19 वर्ल्ड कप 2022 में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुने गए साउथ अफ्रीका के युवा बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस की तुलना दिग्गज एबी डिविलियर्स से की जा रही है। उन्होंने टूर्नामेंट में 6 मैच खेलते हुए 506 रन बनाए। टूर्नामेंट के इतिहास का यह सर्वाधिक स्कोर है। इससे पहले 2003-04 में शिखर धवन ने 505 रन बनाए थे। ब्रेविस का नाम आईपीएल ऑक्शन के लिए 590 खिलाड़ियों की सूची में शामिल है। उनका बेस प्राइज भी 20 लाख रुपए है।
यह नाम ऐसे हैं जिन खिलाड़ियों ने अंडर-19 वर्ल्ड कप 2022 में कुछ खास किया। लेकिन इनके अलावा भी कई खिलाड़ी हैं जिन्होंने प्रभावित किया है। आईपीएल की एक फ्रेंचाइजी के अधिकारी ने इस बात की जानकारी भी दी थी कि, यह युवा खिलाड़ी देश का भविष्य हैं। इन्होंने खुद को 20 लाख के बेस प्राइज पर रखा है। 12 और 13 फरवरी को बेंगलुरु में होने वाले ऑक्शन में यह खिलाड़ी अपने बेस प्राइज से 10-20 गुना ज्यादा महंगे भी बिक सकते हैं।