आईपीएल 2022 (IPL 2022) मेगा ऑक्शन में इशान किशन को मुंबई इंडियंस ने 15.25 करोड़ रुपए खर्च करके अपने साथ जोड़ लिया है। वह आज की नीलामी में अब तक के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं। वह युवराज सिंह के बाद आईपीएल इतिहास के दूसरे सबसे महंगे भारतीय खिलाड़ी भी बन गए हैं।
आईपीएल मेगा ऑक्शन के पहले दिन इससे पहले श्रेयस अय्यर को 12.25 करोड़ रुपए में शाहरुख खान की कोलकाता नाइटराइडर्स ने अपने साथ जोड़ा था। वहीं तेज गेंदबाजों में दीपक चाहर को चेन्नई सुपर किंग्स ने 14 करोड़ रुपए में खरीदा था। इशान किशन की बात करें तो उन्हें मुंबई इंडियंस ने पिछली बार 6.20 करोड़ रुपए में खरीदा था। वहीं इस बार उनका बेस प्राइज 2 करोड़ रुपए था।
इशान किशन को शुरुआत से ही इस मेगा ऑक्शन का सबसे बड़ा नाम माना जा रहा था। 15 करोड़ से अधिक में बिकने वाले इशान किशन को गुजरात लायंस ने पहली बार 2016 आईपीएल के लिए 35 करोड़ रुपए में अपने साथ जोड़ा था। इसके बाद दो साल तक इस टीम के साथ रहने के बाद 2018 से वह लगातार मुंबई इंडियंस का हिस्सा हैं। इस साल 6.20 करोड़ में उन्हें इस टीम ने खरीदा था।
इशान किशन विकेटकीपरों के ग्रुप में सबसे महंगे बिके। पिछले साल उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ डेब्यू किया था और भारत के लिए पहला इंटरनेशनल मैच खेला था। वह सलामी बल्लेबाजी और मध्यक्रम के बल्लेबाज के साथ विकेट के पीछे भी अहम भूमिका निभा सकते हैं। इशान किशन 2016 अंडर-19 वर्ल्ड कप में रन अप रही भारतीय टीम के कप्तान भी थे।
इशान किशन के रिकॉर्ड पर नजर
इशान किशन के रिकॉर्ड पर नजर डालें तो उन्होंने भारत के लिए 3 वनडे और 5 टी20 मैच खेले हैं। दोनों फॉर्मेट में उन्होंने एक-एक पचासा भी जड़ा है। उनके नाम 88 वनडे और 113 टी20 रन दर्ज हैं। आईपीएल में भी किशन ने 61 मैच खेलते हुए 9 अर्धशतक की बदौलत 1452 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 136 से ऊपर का है। आईपीएल में उन्होंने 121 चौके और 74 छक्के लगाए हैं।