IPL Mega Auction 2002: भारतीय ऑलराउंडर शिवम दुबे के लिए 13 फरवरी 2022 की तारीख दोहरी खुशी लेकर आई। इस दिन सुबह उन्हें पिता बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ और दोपहर में एमएस धोनी की अगुआई वाली चेन्नई सुपरकिंग्स ने आईपीएल मेगा ऑक्शन 2022 में उन्हें 4 करोड़ रुपए में खरीद लिया। शिवम दुबे का बेस प्राइस 50 लाख रुपए था।
शिवम दुबे ने पत्नी अंजुम खान और बच्चे की तस्वीर इंस्टाग्राम पर साझा करते हुए लिखा, ‘हमारे घर बहुत बड़ी खुशी आई है। हमें बेटे के रूप में आशीर्वाद मिला।’ शिवम दुबे (Shivam Dube) ने पिछले 16 जुलाई 2021 को अपनी लॉन्ग टाइम गर्लफ्रेंड अंजुम खान (Anjum Khan) से मुंबई में शादी की थी। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी दी थी।
शिवम दुबे आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स (2021) और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (2019 और 2020) की ओर से खेल चुके हैं। शिवम ने अब तक 69 टी20 मुकाबले खेले हैं। इसमें उन्होंने 21.70 के औसत और 132.81 के स्ट्राइक रेट से 1020 रन बनाए हैं। वहीं, 31.87 के औसत और 8.73 की इकॉनमी से 33 विकेट भी चटकाए हैं।
शिवम दुबे भारत के लिए एक वनडे इंटरनेशनल और 13 टी20 इंटरनेशनल मैच भी खेल चुके हैं। एकमात्र वनडे इंटरनेशनल में उन्होंने 9 रन बनाए थे। वहीं 13 टी20 इंटरनेशनल में उन्होंने 17.50 के औसत से 105 रन बनाए हैं और 5 विकेट लिए हैं।
आईपीएल में शिवम दुबे के प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने अब तक 24 मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 120.5 के स्ट्राइक रेट से 399 रन बनाए हैं। उन्होंने आईपीएल में अब तक 24 चौके और 22 छक्के लगाए हैं। वह 4 विकेट भी लेने में सफल रहे हैं।
पहले के मुकाबले कम लगी बोली
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) ने आईपीएल 2019 के लिए हुई नीलामी में शिवम दुबे को 5 करोड़ रुपए में खरीदा था। वह दो साल तक आरसीबी के साथ ही रहे। आईपीएल 2021 के लिए हुई नीलामी में राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 4.40 करोड़ में खरीदा था।