इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026)के लिए रिटेन खिलाड़ियों की लिस्ट जारी होने से पहले ट्रेड डील सुर्खियों में है। संजू सैमसन और रविंद्र जडेजा को लेकर राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच ट्रेड डील होने की संभावना है। इस बीच खबर है कि मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर को मुंबई इंडियंस (MI) ट्रेड करने की तैयारी में है। वह अर्जुन को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को देना चाहती है और शार्दुल ठाकुर को अपने साथ जोड़ना चाहती है।

क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस के बीच शार्दुल ठाकुर और अर्जुन तेंदुलकर को ट्रेड करने को लेकर चर्चा हो रही है। हालांकि, यह ट्रेड डील थोड़ी अलग है। दोनों खिलाड़ियों का फ्रेंचाइजियों के बीच स्वतंत्र आदान-प्रदान हो सकता है। सीधे-सीधे शब्दों में इसे ऑल कैश ट्रांसफर कहा जा सकता है।

बीसीसीआई देगा एक्सचेंज की जानकारी

आईपीएल के ट्रेड नियमों के अनुसार खिलाड़ियों के एक्सचेंज की आधिकारिक घोषणा भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को करनी होती है। इसी वजह से फ्रेंचाइजी अभी तक चुप हैं। क्रिकबज के अनुसार मुंबई क्रिकेट जगत के सूत्रों ने पुष्टि की है कि एक्सचेंज स्वैप की संभावना है। यह घोषणा अगले कुछ दिनों में हो सकती है। साथ ही 15 नवंबर को खिलाड़ियों को रिटेन और रिलीज करने की सूची भी जारी होनी है।

जडेजा नहीं तो सीएसके नहीं! संजू सैमसन को लेकर चेन्नई सुपर किंग्स के पोस्ट पर गुस्साए फैंस

शार्दुल ठाकुर को रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के रूप में मिला था मौका

शार्दुल ठाकुर को पिछले साल जेद्दा में हुई आईपीएल मेगा नीलामी में अनसोल्ड रहने के बाद आईपीएल 2025 की शुरुआत से पहले लखनऊ सुपरजायंट्स ने उनके बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये में रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के रूप में चुना था। उन्होंने एलएसजी के लिए 10 मैचों केवल 18 रन बनाए, लेकिन 13 विकेट लेने में कामयाब रहे। उन्होंने ​​मुख्य रूप से नई गेंद से प्रभावी गेंदबाजी की।

अर्जुन तेंदुलकर को नहीं मिला खेलने को मौका

अर्जुन तेंदुलकर पिछले कुछ सीजन से मुंबई इंडियंस टीम का हिस्सा हैं। पिछली दो नीलामियों में उन्हें उनके बेस प्राइस 20 लाख रुपये में जोड़ा गया। 26 वर्षीय बाएं हाथ के ऑलराउंडर को पिछले सीजन में एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला था, लेकिन पिछले दो सीजन में उन्होंने चार मैच खेले हैं। 2023 में तीन और 2024 में एक मैच खेले। कुल मिलाकर उन्होंने पांच आईपीएल मैचों में 13 रन बनाए हैं और तीन विकेट लिए हैं।

अर्जुन तेंदुलकर के लिए चुनौती

यह पता नहीं चल पाया है कि यह प्रक्रिया किसकी पहल पर शुरू हुई, लेकिन पता चला है कि फ्रेंचाइजियां इस पर चर्चा कर रही हैं। कुछ साल पहले अर्जुन तेंदुलकर घरेलू क्रिकेट में मुंबई को छोड़कर गोवा से जुड़ गए थे और तब से 21 प्रथम श्रेणी मैच खेल चुके हैं। घरेलू क्रिकेट हो या आईपीएल मुंबई जैसी मजबूत टीम में प्लेइंग इलेवन में जगह बनाना हमेशा एक चुनौती रहा है।