आईपीएल 2026 के लिए लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस के बीच एक बड़ी ट्रेड हुई है। भारतीय क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर अब लखनऊ से मुंबई रवाना हो गए हैं। आईपीएल की तरफ से एक्स पर पोस्ट करके इसकी जानकारी साझा की। जबकि गुजरात टाइटंस के ऑलराउंडर शेरफेन रदरफोर्ड को भी मुंबई ने ट्रेड करके अपने साथ जोड़ लिया है। अब हार्दिक पंड्या की कप्तानी वाली इस टीम में दो बड़े ऑलराउंडर शामिल हो गए हैं।
पालघर एक्सप्रेस कहे जाने वाले शार्दुल को नीता अंबानी की फ्रेंचाइजी ने उनकी मौजूदा फीस पर ही अपने साथ जोड़ लिया है। शार्दुल ने पिछले सीजन लखनऊ सुपर जायंट्स का प्रतिनिधित्व किया था। जबकि रदरफोर्ड 2020 के बाद एक बार फिर से अपनी पुरानी टीम में आ चुके हैं। उन्हें 2.6 करोड़ की मौजूदा फीस पर ही मुंबई ने अपने साथ जोड़ा है।
इंडियन प्रीमियर लीग की तरफ से बयान में इसकी जानकारी दी गई। आईपीएल की तरफ से जारी मीडिया एडवाइजरी में कहा गया,”शार्दुल ठाकुर को मुंबई इंडियंस ने लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ ट्रेड किया है। मुंबई के ऑलराउंडर खिलाड़ी पिछले सीजन में लखनऊ के लिए बतौर इंजरी रिप्लेसमेंट आए थे और उन्होंने 10 मैच खेले थे। अब वह मुंबई के लिए खेलते नजर आने के लिए तैयार हैं। उन्हें मुंबई इंडियंस ने मौजूदा फीस 2 करोड़ रुपए में ही अपने साथ जोड़ा है।”
शार्दुल ठाकुर का आईपीएल रिकॉर्ड
शार्दुल ठाकुर आईपीएल 2015 से इस लीग का हिस्सा हैं। उन्होंने अभी तक टूर्नामेंट के इतिहास में कुल 105 मैच खेले हैं जिसमें 107 विकेट उन्होंने झटके हैं। उनकी इकॉनमी इस दौरान 9.40 की रही है। वहीं एक अर्धशतक समेत 325 रन भी उनके नाम दर्ज हैं। 68 रन उनका सर्वाधिक स्कोर है।
संजू सैमसन को लेकर मामला टला
वहीं इस सीजन की सबसे बड़ी ट्रेड कही जा रही संजू सैमसन की डील अभी राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच पक्की नहीं हो पाई है। खबरें थीं कि रविंद्र जडेजा और सैम करन के बदले संजू सीएसके का हिस्सा बनेंगे। मगर पेंच यहां आकर फंसा कि राजस्थान को पहले एक विदेशी खिलाड़ी रिलीज करना होगा अगर करन को शामिल करना है। इसके बाद इस डील पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। चेन्नई के अलावा दिल्ली, लखनऊ और केकेआर भी सैमसन के लिए रुचि दिखा रही हैं, ऐसा रिपोर्ट में सामने आया था।
