इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026)का मिनी नीलामी मंगलवार (16 दिसंबर) को होनी है। इस बार के ऑक्शन में एक दिलचस्प नियम का इस्तेमाल नहीं होगा। यह नियम है राइट टू मैच कार्ड (RTM)। इसी नियम के तहत आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन में ऋषभ पंत लीग के इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए थे। उनके लिए सबसे अधिक बोली लखनऊ सपर जायंट्स ने 20.75 करोड़ रुपये की लगाई थी। इसके बाद दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने उनके लिए आरटीएम का इस्तेमाल किया। लखनऊ ने बोली बढ़ाकर 27 करोड़ रुपये किया और अपने साथ जोड़ा।
आरटीएम कार्ड का ऑप्शन आईपीएल 2014 से पहले मेगा ऑक्शन में लाया गया था। इसके बाद इसे आईपीएल 2018 से पहले अगले मेगा ऑक्शन में इस्तेमाल किया गया, लेकिन 2022 सीजन से पहले इसे हटा दिया गया। आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में यह नियम थोड़े ट्विस्ट के साथ आया। पहले कोई फ्रेंचाइजी अपने रिलीज खिलाड़ी को आरटीएम इस्तेमाल करके जोड़ लेती थी।
मिनी ऑक्शन में नहीं होगा आरटीएम का इस्तेमाल
नियम में बदलाव के बाद अब सबसे अधिक बोली लगाने वाली फ्रेंचाइजी को एक और मौका मिलता है। वह पर्स को ध्यान में रखते हुए रकम अपनी मर्जी से बढ़ा सकती है। पुरानी फ्रेंचाइजी चाहे तो बढ़ाई हुई रकम देकर खिलाड़ी को जोड़ सकती है। वह ऐसा नहीं करती है तो अब सबसे अधिक बोली लगाने वाली फ्रेंचाइजी बढ़ाई हुई रकम में खिलाड़ी को अपने साथ जोड़ लेती है। मिनी ऑक्शन में इस नियम का इस्तेमाल नहीं होता।
आईपीएल 2025 ऑक्शन में 8 आरटीएम हुए थे इस्तेमाल
आईपीएल 2025 ऑक्शन में फ्रेंचाइजियों ने आरटीएम ऑप्शन का इस्तेमाल करके कुल 8 खिलाड़ियों को वापस टीम में शामिल किया था। पंजाब किंग्स ने अर्शदीप सिंह के लिए आरटीएम का इस्तेमाल किया था। ऑस्ट्रेलिया के ओपनर जेक फ्रेजर-मैकगर्क को 9 करोड़ रुपये में दिल्ली कैपिटल्स ने वापस जोड़ा था। पंजाब के अनकैप्ड खिलाड़ी नमन धीर को मुंबई इंडियंस ने 5.25 करोड़ रुपये में जोड़ा था। रचिन रविंद्र को चेन्नई सुपर किंग्स ने एक बार फिर 4 करोड़ रुपये में साइन किया। मुकेश कुमार 8 करोड़ रुपये में दिल्ली कैपिटल्स से जुड़े। आर साई किशोर 2 करोड़ रुपये में फिर गुजरात टाइटंस से जुड़े। लखनऊ सुपर जायंट्स ने वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज शमर जोसेफ के लिए उनकी बेस प्राइस पर आरटीएम का इस्तेमाल किया। आरसीबी ने स्वप्निल सिंह को 50 लाख रुपये में वापस लिया था।
