इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024) से पहले मुंबई इंडियंस (MI) के कैंप से पूर्व कप्तान रोहित शर्मा जुड़ गए हैं। उन्होंने नेट्स प्रैक्टिस शुरू कर दी है। इसका वीडियो फ्रेंचाइजी ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। उन्होंने भी सोशल मीडिया पर प्रैक्टिस की फोटो शेयर की है। इस दौरान वह जबरदस्त शॉट्स लगाते नजर आए। रोहित शर्मा इस सीजन हार्दिक पंड्या की कप्तानी में खेलते नजर आएंगे। पंड्या को मुंबई इंडियंस ने सीजन से पहले गुजरात टाइटंस (GT) ट्रेड किया था।
रोहित शर्मा सोमवार, 18 मार्च को मुंबई इंडियंस के टीम होटल पहुंचे। फ्रेंचाइजी ने सोशल मीडिया पर इसका भी वीडियो शेयर किया। अब उन्होंने नेट प्रैक्टिस शुरू कर दी है। रोहित शर्मा फ्रेंचाइजी ही नहीं लीग के सबसे सफल कप्तान हैं। उन्होंने एक दशक तक फ्रेंचाइजी की कप्तानी। पांच बार उसे चैंपियन बनाया। 2013,2015,2017,2019 और 2020 में उनकी कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने खिताब जीता।
गुजरात को हार्दिक ने दोनों सीजन में फाइनल में पहुंचाया
आईपीएल 2022 से पहले हार्दिक पंड्या भी मुंबई इंडियंस में थे। पिछले दो साल उन्होंने गुजरात टाइटंस (GT) की कप्तानी की। दोनों साल फ्रेंचाइजी फाइनल खेली। अपने पहले ही सीजन में चैंपियन बनी। दूसरी ओर रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। 2022 में टीम ने कुछ खास नहीं किया। हालांकि, 2023 में टीम प्लेऑफ तक पहुंची थी। बतौर बल्लेबाज रोहित शर्मा संघर्ष करते दिखे।
हार्दिक पंड्या ने रोहित शर्मा को लेकर क्या कहा?
रोहित शर्मा की जगह हार्दिक पंड्या को मुंबई इंडियंस का कप्तान बनाने पर हंगामा हुआ। पंड्या ने इसे लेकर सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बयान दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें रोहित शर्मा का सहयोग मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि लीग में 5 बार के आईपीएल विजेता कप्तान का नेतृत्व करना उनके लिए अजीब नहीं होगा। रोहित ने हाल ही में भारतीय टीम को इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की टेस्ट सीरीज में 4-1 से जीत दिलाई। उन्होंने 9 पारियों में 400 रन बनाए, जिसमें 2 शतक शामिल हैं और वह खेल के सबसे छोटे प्रारूप में भी अपने शानदार फॉर्म को जारी रखना चाहेंगे। आईपीएल 2024 के तुरंत बाद उन्हें टी20 वर्ल्ड कप 2024 में भारतीय टीम की कप्तानी करते देखा जाएगा।