विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत 14 महीने बाद मैदान पर वापसी के लिए तैयार हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने उन्हें मंगलवार को आईपीएल 2024 में खेलने की अनुमति दे दी। इसके बाद दिल्ली कैपिटल्स ने ऋषभ पंत की वापसी को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया। इस पोस्ट का एक फैन ने मजाक उड़ाया और पंत ने इसपर रिएक्ट कर दिया। उन्होंने भी फ्रेंचाइजी के मजे ले लिए।
दिल्ली कैपिटल्स ने X(पूर्व में ट्विटर) पर ऋषभ पंत की फोटो के साथ ग्राफिक्स शेयर किया। इस पर लिखा था टाइगर रिटर्न्स। पोस्ट पर चिता (Tiger) की इमोजी लगाकर लिखा, ” दहाड़ने को तैयार। ऋषभ पंत का स्वागत है। आपको मिलने का और इंतजार नहीं कर सकते।” इस ग्राफिक्स से नाखुश एक फैन ने कमेंट किया, ” इससे अच्छा मैच बनाके दे देता भाई। ये देखकर वापस कार चलाने चल जाएगा वो।”
ऋषभ पंत ने फैन के कमेंट पर किया रिएक्ट
ऋषभ पंत को इस फैन का कमेंट पसंद आया और उन्होंने भी कमेंट किया। उन्होंने दो लॉफिंग इमोजी कमेंट किए। बता दें कि पंत को बीसीसीआई ने आईपीएल में बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज खेलने की अनुमति दी है। दिसंबर 2022 में वह कार एक्सीडेंट का शिकार हुए थे। वह दिल्ली से अपने घर रुढ़की जा रहे थे। इस दुर्घटना में वह बाल-बाल बच गए थे।
दिल्ली कैपिटल्स का पहला मुकाबला कब
बता दें कि इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024) की शुरुआत 22 मार्च से होगी। पहला मैच चेन्नई सुपर किंग्स (CSK)और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB)के बीच खेला जाएगा। दिल्ली कैपिटल्स की टीम अपना पहला मैच 23 मार्च को पंजाब किंग्स के खिलाफ खेलेगी। यह इस साल डबल हेडर का पहला मुकाबला होगा। पंत के न होने पर डेविड वॉर्नर ने पिछले साल दिल्ली की कमान संभाली थी।