राजस्थान रॉयल्स (आरआर) सोमवार (22 अप्रैल) को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2024 के 38वें मैच में मुंबई इंडियंस (एमआई) की मेजबानी करेगी। सात मैचों में 6 जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स (RR) आईपीएल 2024 की अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर है। एक और जीत संजू सैमसन की अगुआई वाली टीम को प्लेऑफ क्वालिफाई करने की रेस में और करीब पहुंचा देगी।
मुंबई इंडियंस (MI) ने 7 में से 3 में जीत हासिल की है। वह पॉइंट्स टेबल में 7वें स्थान पर है। हार्दिक पंड्या की अगुआई वाली टीम के लिए जीत समय की मांग है। मौजूदा सीजन में उन्हें ज्यादातर संघर्ष करना पड़ा है। मुकाबले से एक दिन पहले मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स सवाई मानसिंह स्टेडियम पर नेट प्रैक्टिस कर रहे थे। इस दौरान शेन बॉन्ड ने रोहित शर्मा के साथ एक मजेदार पल साझा किया।
मुंबई इंडियंस की ओर से अपने एक्स और इंस्टाग्राम हैंडल पर पोस्ट किए गए वीडियो में शेन बॉन्ड सरप्राइज देने के लिए पीछे से रोहित के पास आए और रोहित शर्मा के गालों पर चुंबन लेने का अप्रत्याशित प्रयास किया। रोहित शर्मा पहले तो हैरान रह गए, लेकिन फिर उन्होंने शेन बॉन्ड को गले लगा लिया। शेन बॉन्ड अब राजस्थान रॉयल्स के लिए गेंदबाजी कोच के रूप में काम कर रहे हैं। नीचे आप भी वह मजेदार वीडियो देख सकते हैं।
शेन बॉन्ड मुंबई इंडियंस के गेंदबाजी कोच रह चुके हैं। शेन बॉन्ड का मुंबई इंडियंस के साथ नौ साल लंबा कार्यकाल था। वह 2015 में फ्रेंचाइजी में शामिल हुए और 2023 तक उनके साथ रहे। शेन बॉन्ड की जगह लसित मलिंगा ने ली।
लसित मलिंगा आईपीएल 2009 से 2019 तक मुंबई इंडियंस के लिए खेले। दिलचस्प बात यह है कि शेन बॉन्ड ने राजस्थान रॉयल्स में लसित मलिंगा की जगह ली। श्रीलंका पूर्व तेज गेंदबाज ने आईपीएल 2022 और 2023 में राजस्थान रॉयल्स के गेंदबाजी कोच के रूप में काम किया।
राजस्थान से बदला लेना चाहेगी मुंबई
बता दें कि मुंबई इंडियंस की नजर रिवर्स फिक्स्चर में राजस्थान रॉयल्स से बदला लेने पर है। धीरे-धीरे पटरी पर लौट रही मुंबई इंडियंस को अपनी गेंदबाजी समस्याओं पर ध्यान देना होगा। पिछले चार मुकाबलों में 3 जीत के साथ मुंबई इंडियंस इस सीजन में खराब शुरुआत के बाद अंक तालिका में छठे स्थान पर है। राजस्थान रॉयल्स जबरदस्त प्रदर्शन कर रही है और 12 अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर काबिज है।