आईपीएल 2024 के आगाज से पहले मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी में सबकुछ ठीक नजर नहीं आ रहा है। दरअसल, सोमवार को हार्दिक पंड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस के कैंप की शुरुआत हो गई। इस मौके पर फ्रेंचाइजी के हेड कोच मार्क बाउचर भी नजर आए, लेकिन पूर्व कप्तान रोहित शर्मा की गैरमौजूदगी ने कई सवाल खड़े किए। रोहित शर्मा के इस कैंप में जाने की कोई खबर नहीं, लेकिन रोहित मंगलवार को रणजी ट्रॉफी का फाइनल देखने वानखेड़े स्टेडियम पहुंच गए।
दोस्त से मिलने पहुंचे रोहित शर्मा
रोहित शर्मा मंगलवार को मैच के दौरान मुंबई के ड्रेसिंग रूम में नजर आए। रोहित की एक पिक्चर सोशल मीडिया पर वायरल है जिसमें वह मुंबई के ड्रेसिंग रूम में तेज गेंदबाज धवल कुलकर्णी के साथ नजर आ रहे हैं। धवल कुलकर्णी ना सिर्फ मुंबई के तेज गेंदबाज हैं बल्कि रोहित शर्मा के बहुत अच्छे दोस्त हैं। धवल कुलकर्णी ने फाइनल से पहले संन्यास की ङी घोषणा कर दी थी। वह विदर्भ के खिलाफ आखिरी फर्स्ट क्लास मैच खेल रहे हैं। रोहित के अलावा सचिन भी रणजी ट्रॉफी फाइनल देखने पहुंचे हैं।
रोहित की जगह हार्दिक बने हैं मुंबई के कप्तान
बता दें कि रोहित शर्मा हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज से फ्री हुए हैं। सीरीज का आखिरी टेस्ट धर्मशाला में खेला गया था। उस मैच में भारत ने इंग्लैंड को एक पारी और 64 रन से हराया था। भारत ने इंग्लैंड को इस सीरीज में 4-1 से हरा दिया। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से ब्रेक के बाद अब रोहित आईपीएल की तैयारी में जुटेंगे। इस साल रोहित की जगह हार्दिक पंड्या को मुंबई का कप्तान बनाया गया है।
हार्दिक को गुजरात से खरीदा था मुंबई ने
मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी ने हार्दिक पंड्या को ऑक्शन के बीच में गुजरात टाइटंस से ट्रेड किया था। मुंबई ने 15 करोड़ रुपए में हार्दिक को गुजरात से लिया था। हार्दिक के गुजरात से जाने के बाद शुभमन गिल को गुजरात टाइटंस का कप्तान बनाया गया। बता दें कि गुजरात में जाने से पहले हार्दिक पंड्या मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी के लिए ही खेलते थे।