इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024) की शुरुआत से पहले हार्दिक पंड्या की अगुआई वाली मुंबई इंडियंस (MI) को बड़ा झटका लगा है। श्रीलंक के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज दिलशान मदुशंका हैमस्ट्रिंग इंजरी की वजह से बांग्लादेश के खिलाफ आखिरी वनडे से बाहर हो गए हैं। वह टेस्ट सीरीज में भी नहीं चुने जाएंगे। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने उनके स्वदेश लौट जाने की जानकारी दी है।

मुंबई इंडियंस ने श्रीलंका के इस तेज गेंदबाज को दिसंबर 2023 में ऑक्शन में 4.6 करोड़ रुपये में खरीदा था। ऐसे में मुंबई इंडियंस के लिए यह बड़ा झटका है। हालांकि, अभी उनकी चोट कितनी गंभीर है इसकी जानकारी नहीं है। रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि वह कितने मैचों में नहीं खेल पाएंगे। मदुशंका ने वनडे वर्ल्ड कप 2023 में शानदार प्रदर्शन किया था। इसक बदौलत उनपर आईपीएल में इतनी बड़ी बोली लगी थी।

दिलशान मदुशंका शानदार फॉर्म में थे

दिलशान मदुशंका ने बांग्लादेश के खिलाफ श्रीलंका के मैच में शानदार फॉर्म दिखाया था। मदुशंका ने बांग्लादेश के शीर्ष क्रम के विकेट झटकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने लिटन दास और कप्तान नजमुल हसन शान्तो दोनों का विकेट लिया। सौम्या सरकार का शानदार कैच भी लपका था। वह 26वें ओवर में चोटिल हुए। इसके बाद मैदान से बाहर गए और गेंदबाजी करने नहीं आए। तेज गेंदबाज ने 6.4 ओवर गेंदबाजी की। इसमें उन्होंने दो विकेट लिए और सिर्फ 30 रन दिए।

मुंबई का पहला मैच गुजरात से

मुंबई इंडियंस को पहला मैच गुजरात टाइटंस (GT) से 24 मार्च को खेलना है। यानी कप्तान हार्दिक पंड्या की पहली परीक्षा उनकी पुरानी फ्रेंचाइजी के खिलाफ होगी। हार्दिक की कप्तानी में गुजरात की टीम दोनों बार फाइनल खेली। आईपीएल 2022 में टीम पहले ही सीजन में चैंपियन बनी थी। मुंबई ने गुजरात से पंड्या को ट्रेड किया। फिर उन्हें रोहित शर्मा की जगह कप्तान बनाया।