आईपीएल 2024 के लिए पिछले साल दिसंबर में हुई मिनी ऑक्शन के दौरान इस लीग के इतिहास की सबसे बड़ी ट्रेड हुई थी। यह ट्रेड मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस के बीच हुई थी। मुंबई ने 15 करोड़ रुपए में गुजरात टाइटंस के कप्तान हार्दिक पंड्या को अपने साथ जोड़ लिया था। हार्दिक पंड्या जिनकी कप्तानी में गुजरात ने पहले ही सीजन में टाइटल जीत लिया था वह मुंबई इंडियंस के कप्तान बन गए। इस ट्रेड पर अब GT के हेड कोच आशीष नेहरा ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
क्या कहा नेहरा ने?
आशीष नेहरा ने पीटीआई के साथ बातचीत में कहा है, “मैंने कभी भी हार्दिक को रुकने के लिए मनाने की कोशिश नहीं की। जिस तरह से यह खेल आगे बढ़ रहा है, हमें इस तरह के और भी ट्रांसफर देखने को मिल सकते हैं। जैसे फुटबॉल के अंतरराष्ट्रीय क्लब मार्केट में होते हैं।” नेहरा के बयान से साफ है कि उन्होंने हार्दिक पंड्या को रुकने के लिए मनाने की कोशिश नहीं की थी।
हार्दिक की कप्तानी में चैंपियन बनी थी गुजरात
बता दें कि हार्दिक पंड्या गुजरात टाइटंस में रहकर एक सफल कप्तान बनकर उभरे थे। उनकी कप्तानी में ही गुजरात टाइटंस ने पहले ही सीजन में जीत हासिल की थी। गुजरात ने 2022 में अपने पहले ही सीजन में राजस्थान रॉयल्स को हराकर खिताब जीता था। 2022 में ही गुजरात टाइटंस पहली बार आईपीएल में खेलने उतरी थी। फ्रेंचाइजी की कप्तानी हार्दिक पंड्या के हाथों में और हेड कोच की जिम्मेदारी आशीष नेहरा के हाथों में सौंपी गई थी।
गिल को कप्तानी करते देखना दिलचस्प होगा- नेहरा
नेहरा ने इस दौरान शुभमन गिल को कप्तान बनाए जाने पर भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि मैं गिल को कप्तानी के रूप में देखने के लिए उत्सुक हूं बल्कि मैं ही नहीं पूरा भारत उन्हें गुजरात की कप्तानी करते हुए देखना चाहता है। नेहरा ने कहा कि बतौर प्लेयर गिल ने बहुत कुछ अचीव कर लिया है, लेकिन कप्तान के रूप में उन्हें अभी बहुत कुछ हासिल करना है।