इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024) में 27 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल (DC) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच अरुण जेटली स्टेडियम में मुकाबला खेला गया। दिल्ली कैपिटल्स ने इस हाई स्कोरिंग मैच को 10 रन से जीत लिया। दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के मैच में दर्शकों को चौके-छक्कों की बरसात देखने को मिली। हालांकि, बहुत से ऐसे फैंस भी रहे जिन्हें मैच का लुत्फ उठाने के लिए ब्लैक में टिकट खरीदनी पड़ी।

जनसत्ता.कॉम के पास ऐसा ही एक वीडियो है। उस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ फैंस टिकट को लेकर बहुत परेशान थे। इतने में एक-दो लोग उनके पास आते हैं और पूछते हैं कि क्या टिकट चाहिए। फैंस के हामी भरने पर वे उन्हें रेट बताते हैं। इसके बाद टिकट की कीमत को लेकर मोल-तोल होता है।

फैंस को ब्लैक में टिकट खरीदनी पड़ी

बाद में फैंस को ब्लैक में टिकट खरीदनी पड़ती है। माइक्रो ब्लागिंग साइट X पर @HimanAgni ने टिकट ब्लैक होने का वीडियो शेयर किया है। @HimanAgni ने लिखा, टिकट को ब्लैक धड़ल्ले से किया जा रहा है। यह दिल्ली गेट मेट्रो स्टेशन गेट नंबर 4 का मामला है। इस गेट पर तकरीबन 10 से 12 लोग टिकट को ब्लैक करने के लिए मुस्तैद रहे। पोस्ट को @rohanjaitley और @delhi_cricket पर टैग भी किया गया है। @HimanAgni ने टिकटों की वास्तविक कीमत का स्क्रीनशॉट भी शेयर किया है।

दिल्ली कैपिटल्स ने 257 रन ठोके

बात अगर दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के मैच की करें तो हार्दिक पंड्या ने टॉस जीतकर फील्डिंग चुनी। ऋषभ पंत की अगुआई वाली दिल्ली कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 257 रन बनाए। उसकी ओर से जेक फ्रेजर-मैकगर्क ने 27 गेंद में 84 रन (11 चौके, 6 छक्के) की तूफानी पारी खेली। अभिषेक पोरेल ने 27 गेंद में 36 रन (3 चौके, एक छक्का) बनाए। शाई होप ने 5 छक्के की मदद से 17 गेंद में 41 रन ठोक दिए। ट्रिस्टन स्टब्स ने 25 गेंद में 48 रन (6 चौके, 2 छक्के) बनाए। ऋषभ पंत ने 19 गेंद में 29 रन (2 चौके, 2 छक्के) बनाए।

मुंबई इंडियंस को 10 रन से मिली हार

258 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही। रोहित शर्मा 8 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन लौट गए। सूर्यकुमार यादव भी अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं तब्दील कर पाए। उन्होंने 13 गेंद में 26 रन बनाए। इसके बाद तिलक वर्मा और हार्दिक पंड्या ने पारी संभाली और चौथे विकेट के लिए 6.3 ओवर में 71 रन की साझेदारी की। हार्दिक (46 रन, 24 गेंद) के आउट होने के बाद टिम डेविड (37 रन, 17 गेंद) ने ताबड़तोड़ पारी खेली। पीयूष चावला ने भी 4 गेंद में 10 रन और ल्यूक वुड ने 3 गेंद में 9 रन ठोककर मुंबई इंडियंस को जीत दिलाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन वे लक्ष्य से 10 रन (20 ओवर में 9 विकेट पर 247 रन) पीछे रह गए।