आईपीएल 2024 के आगाज से ठीक पहले दिल्ली कैपिटल्स को हैरी ब्रूक के रूप में एक बड़ा झटका लगा। दरअसल, मंगलवार को ब्रूक ने ऐलान किया कि वह निजी कारणों की वजह से 22 मार्च से शुरू हो रहे टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। इंग्लैंड के विस्फोटक बल्लेबाज के इस ऐलान ने दिल्ली की मुश्किलें बढ़ा दी। अब दिल्ली कैपिटल्स रिप्लेसमेंट की तलाश में है।

फ्रेजर मैक्गर्क हो सकते हैं रिप्लेसमेंट

ऐसी खबरें हैं कि दिल्ली की नजर ऑस्ट्रेलिया के 21 वर्षीय बल्लेबाज जेक फ्रेजर मैक्गर्क पर टिकी हैं। ऑस्ट्रेलिया के लिए 2 वनडे मैच खेल चुके फ्रेजर मैक्गर्क टी20 लीग में अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने फरवरी 2024 में वेस्टइंडीज के खिलाफ डेब्यू किया था। ऑस्ट्रेलिया का यह बल्लेबाज 29 गेंद में सेंचुरी भी ठोक चुका है जो कि लिस्ट ए की सबसे तेज सेंचुरी है। मैक्गर्क ने 2023-24 में एडिलेड में तस्मानिया के खिलाफ 29 गेंद में शतक लगाया था।

फ्रेजर मैक्‍गर्क का करियर

जेक फ्रेजर मैक्‍गर्क बिग बैश लीग में भी कई मरतबा तूफानी पारियां खेल चुके हैं। मैक्गर्क ने 21 लिस्ट ए मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने 32.81 की औसत से 525 रन बनाए हैं। लिस्ट ए में उनके नाम एक शतक और एक अर्धशतक दर्ज है। वहीं टी20 क्रिकेट में मैक्गर्क ने 37 मैच खेले हैं जिसमें 20.15 की औसत से 645 रन बनाए हैं। टी20 में उन्होंने 3 अर्धशतक लगाए हैं।

विराट कोहली को रोल मॉडल मानते हैं मैक्गर्क

ऑस्ट्रेलिया का यह युवा खिलाड़ी विराट कोहली को अपना रोल मॉडल मानता है। मैक्गर्क ने जब पिछले साल बीबीएल में 21 गेंद में हाफ सेंचुरी जड़ी थी तो उन्होंने यह कहा था कि उनकी इस पारी का श्रेय विराट कोहली को जाता है। उन्होंने कहा था कि विराट जिस तरह गेंद को देखते हैं मैंने उन्हीं से वही सीखा और उसी पर अमल किया इसलिए मैं इस पारी का श्रेय कोहली को देता हूं।