इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024)में शनिवार (20 अप्रैल) को दिल्ली कैपिटल्स (DC) के सामने सनराइजर्स हैदराबाद की चुनौती होगी। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में यह इस सीजन का पहला मैच होगा। एक्सीडेंट से वापसी के बाद ऋषभ पंत पहली बार अपने घरेलू मैदान पर खेलेंगे। इस दौरान टीम उम्मीद करेगी कि उसका प्रदर्शन 2023 की तरह न हो, जहां वह घरेलू मैदान पर ही फिसड्डी साबित हुई थी।
वुमेंस प्रीमियर लीग 2024 (WPL 2024) का दूसरा लेग दिल्ली में हुआ था। ऐसे में इंडियन प्रीमियर लीग की शुरुआत में मैच कराने के लिए अरुण जेटली स्टेडियम तैयार नहीं था। इस वजह से दिल्ली कैपिटल्स को अपने दो घरेलू मैच विशाखापत्तनम में खेलना पड़ा। इसमें से एक में उसे जीत मिली और 1 में हार का सामना करना पड़ा। दिल्ली की टीम केवल 5 मैच कोटला में खेलेगी।
पैट कमिंस के सामने ऋषभ पंत की राह आसान नहीं
दिल्ली कैपिटल्स 7 में 3 मैच जीतकर अंक तालिका में छठे नंबर पर है। पिछला दोनों मैच टीम जीती है। अब उसकी निगाहें बेहतरीन फॉर्म में चल रही सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन पर होगा। पैट कमिंस के सामने ऋषभ पंत की राह आसान नहीं होगी। ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा के खिलाफ वह क्या रणनीति अपनाते है इस पर निगाहें होंगी।
DC vs SRH IPL 2024 Pitch Report, Weather
दिल्ली कैपिटल्स का 2023 में प्रदर्शन
दिसंबर 2022 में सड़क दुर्घटना में बाल-बाल बचे ऋषभ पंत साल 2023 में नहीं खेले थे। दिल्ली कैपिटल्स जूझती दिखी थी। डेविड वॉर्नर की कप्तानी में टीम 14 में से 9 मैच हराकर 9वें नंबर पर रही थी। उससे नीचे केवल सनराइजर्स हैदराबाद ही थी। दिल्ली की टीम अरुण जेटली स्टेडियम में 7 में से 5 मैच हारी थी। सनराइजर्स हैदराबाद ने भी उसे हराया था। दिल्ली ने पिछले 5 में से 4 बार हैदराबाद को धुल चटाई है।
अरुण जेटली स्टेडियम और आईपीएल 2024 में ऋषभ पंत का प्रदर्शन
इंडियन प्रीमियर लीग में अरुण जेटली स्टेडियम में ऋषभ पंत ने 24 मैच खेले हैं। 34.95 की औसत और 160.87 की स्ट्राइक रेट से 769 रन बनाए हैं। नाबाद 128 उनका सर्वोच्च स्कोर है। उन्होंने 5 अर्धशतक भी जड़े हैं। आईपीएल 2024 में पंत ने धमाकेदार प्रदर्शन किया है। ऐसा देखकर लग ही नहीं रहा कि उन्होंने 14 महीने बाद वापसी की है। 7 मैच में उन्होंने 35 की औसत से 210 रन बनाए हैं। 156.72 उनका स्ट्राइक रेट रहा है। वह 2 अर्धशतक जड़ चुके हैं। 17 चौके और 12 छक्के लगाए हैं।