इंडियन प्रीमियर लीग 2024 का ऑक्शन (IPL 2024 Auction) 19 दिसंबर को होना है। कई बड़े खिलाड़ियों ने ऑक्शन में नाम दिया है। इनमें भारत को हराकर वर्ल्ड कप जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम के 7 खिलाड़ी शामिल हैं। कप्तान पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क और हेजलवुड वह चेहरे हैं, जो आईपीएल में पहले खेल चुके हैं। तीनों खिलाड़ी को लेकर चर्चा तेज है कौन सी टीम इन्हें टारगेट करेगी। कितने महंगे ये तीनों खिलाड़ी बिकेंगे?

इंटरनेशनल क्रिकेट में तीनों कंगारू खिलाड़ियों का प्रदर्शन शानदार है,लेकिन ऑक्शन इनके लिए फीका रह सकता है। इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स और तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर से फ्रेंचाइजियों ने सबक लिया होगा। प्लेइंग 11 में केवल 4 विदेशी खिलाड़ी ही हो सकते हैं, ऐसे में फ्रेंचाइजी काफी सोच समझकर उनके लिए बोली लगाएंगी। वह बहुत ज्यादा पैसा उन विदेशी खिलाड़ियों पर नहीं लगाएंगी, जिनके लिए आईपीएल प्राथमिकता नहीं है या वह टूर्नामेंट के दौरान अनुपलब्ध रह सकते हैं।

स्टोक्स और आर्चर के साथ क्या हुआ

बेन स्टोक्स को अपने साथ जोड़ने के लिए चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने 16.25 करोड़ रुपये खर्च किए थे। टीम चैंपियन बनी, लेकिन इसमें ऑलराउंडर का कोई योगदान नहीं था। वह ज्यादातर समय बेंच पर ही बैठे रहे। फ्रेंचाइजी ने उन्हें रिलीज कर दिया है। जोफ्रा आर्चर को मुंबई इंडियंस (MI) ने 2022 में मेगा ऑक्शन के दौरान 8 करोड़ रुपये में खरीदा था। आर्चर 2022 में नहीं खेले। 2023 में सिर्फ 5 मैच खेले। मुंबई के लिए गेंदबाजी परेशानी का सबब रहा।

हेजलवुड के साथ क्या है दिक्कत?

पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड के साथ भी यही समस्या है। वह खेलने के लिए उपलब्ध होंगे या नहीं यह कहना मुश्किल है। हेजलवुड पिछले साल रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB)का हिस्सा थे। चोटिल होने के कारण देर से जुड़े और सिर्फ 3 मैच खेले। आईपीएल जब होगा तभी वह पिता बनने वाले हैं। ऐसे में वह खरीदे जाएंगे या नहीं इसे लेकर सवाल है।

क्या पूरे सीजन उपलब्ध होंगे पैट कमिंस

पैट कमिंस भी पिछले साल आईपीएल में नहीं खेले थे। उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट पर ध्यान देने के लिए यह फैसला किया था। आईपीएल 2022 में भी उन्होंने सिर्फ 5 मैच खेले थे। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR)ने उन्हें 7.25 करोड़ रुपये में मेगा ऑक्शन के दौरान खरीदा था। कमिंस कंगारू टीम के कप्तान हैं। वह कभी भी इंटरनेशनल क्रिकेट को तवज्जो देंगे। वह पूरे आईपीएल उपलब्ध होंगे कहना मुश्किल है।

मिचेल स्टार्क सिर्फ 2 सीजन खेले हैं

मिचेल स्टार्क सिर्फ दो सीजन में ही आईपीएल खेले हैं। 2014 और 2015। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB)का हिस्सा रहे हैं। 9 साल बाद वह लीग में वापसी करने की तैयारी में हैं क्योंकि जून में टी20 वर्ल्ड कप होना है। स्टार्क ने हमेशा इंटरनेशनल क्रिकेट को तवज्जो दिया है। ऐसे में फ्रेंचाइजी उन्हें अपने साथ जोड़ने के लिए शायद ही ज्यादा पैसा खर्च करें।