इंडियन प्रीमियर लीग ने 17वें सीजन के लिए 22 फरवरी 2024 को टूर्नामेंट का शेड्यूल जारी किया। आईपीएल ने इस साल देश में होने वाले आम चुनाव को ध्यान में रखते हुए पहले 17 दिन के ही कार्यक्रम की घोषणा की है। डिफेंडिंग चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स टूर्नामेंट के उद्घाटन मैच में 22 मार्च 2024 को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से भिड़ेगी।

हार्दिक पंड्या की अगुआई वाली मुंबई इंडियंस 24 मार्च (इसी दिन होलिका दहन है) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस से भिड़ेगी। यह मुकाबला इसलिए खासा महत्व वाला हो जाता है क्योंकि मुंबई इंडियंस के कप्तान के रूप में हार्दिक पंड्या पहली बार अपनी पूर्व टीम के खिलाफ उतरेंगे। उनकी अगुआई में गुजरात टाइटंस चैंपियन और फाइनलिस्ट रह चुकी है।

हालांकि, भारत के पूर्व बल्लेबाज आकाश चोपड़ा एक कदम और आगे बढ़ गए। वह चाहते हैं कि जब हार्दिक पंड्या टॉस के लिए नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर उतरें तो अहमदाबाद की भीड़ उनकी हूटिंग करे। आकाश चोपड़ा ने इसके पीछे की वजह भी बताई। उन्होंने बताया कि कैसे उन्होंने 2008 में एक खिलाड़ी के रूप में कुछ ऐसा ही देखा था। आकाश चोपड़ा ने कहा कि अगर हार्दिक के साथ भी ऐसा ही व्यवहार किया जाए तो उन्हें आश्चर्य नहीं होगा।

आकाश चोपड़ा ने सुनाई 16 साल पुरानी घटना

आकाश चोपड़ा ने 22 फरवरी 2024 को आईपीएल 2024 शेड्यूल की घोषणा के दौरान जियो सिनेमा पर कहा, ‘मैं चाहता हूं कि अहमदाबाद में हार्दिक पंड्या की हूटिंग हो। मैं आपको बताता हूं क्यों? साल 2008 में आईपीएल का पहला सीजन था। मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स का मैच था। हम वानखेड़े स्टेडियम में खेल रहे थे। अजीत अगरकर हमारी टीम (कोलकाता नाइट राइडर्स) में थे। फील्डिंग के दौरान हमें उन्हें बाउंड्री से हटाना पड़ा, क्योंकि वह मुंबई का लड़का था। मुंबई के खिलाफ मुंबई में खेल रहा था और वानखेड़े की भीड़ उसका मजाक उड़ाये जा रही थी, इसलिए हमने उसे वापस सर्कल के अंदर फील्डिंग के लिए भेजा।।’

गुजरात टाइटंस छोड़ते हुए हार्दिक को दुख नहीं हुआ?

भारत के पूर्व ओपनर बोले, ‘अब हार्दिक पंड्या एक चैंपियनशिप (आईपीएल ट्रॉफी) जीतने के बाद मुंबई इंडियंस लौटे हैं। उन्होंने 2023 में टीम को फाइनल में पहुंचाया था। उसके बाद उन्होंने फ्रेंचाइजी छोड़ने का फैसला किया। अगर अहमदाबाद की जनता में कोई नाराजगी नहीं है। अगर उन्हें ऐसा करते हुए दुख नहीं हुआ? मैं उम्मीद कर रहा हूं। नहीं मैं सिर्फ सोच रहा हूं, किसी को बताना मत कि हार्दिक टॉस के लिए जाता है और लोग हूटिंग करते हैं। यहीं मजा है।’