इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024)में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और दिल्ली कैपिटल्स (DC)के बीच मैच में 18 साल के युवा बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी ने छाप छोड़ी। उन्होंने अपनी पारी में 27 गेंद पर 54 रन ठोके। टीम इंडिया के पूर्व ओपनर आकाश चोपड़ा उनके प्रदर्शन से काफी प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि अंगकृष बेखौफ अंदाज में बल्लेबाजी करते हैं। उन्हें इस बात से फर्क नहीं पड़ता कि वह किस गेंदबाज का सामना कर रहे हैं। चोपड़ा ने कहा कि अंगकृष में उन्हें सूर्यकुमार यादव और शुभमन गिल की झलक दिखती है।

आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ” जब आपने रघुवंशी को देखा, तो लगा कि उन्हें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वह एनरिख नॉर्खिया या खलील अहमद का सामना कर रहे हैं। कौन परवाह करता है। वह पहली ही गेंद से हिट कर रहे थे। उन्होंने 200 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए। उन्होंने मुझे सूर्यकुमार यादव और शुभमन गिल दोनों की याद दिला दी।”

नए भारत की पहचान हैं

आकाश चोपड़ा ने आगे कहा, ” रघुवंशी ने भी यह दिखा दिया कि वो नए भारत की पहचान हैं। समय कितना बदल गया है। मयंक यादव भी भारत के नए बच्चे हैं। जब वह गेंदबाजी करते हैं तो उन्हें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि उनके सामने कौन खड़ा है, चाहे वह जॉनी बेयरस्टो हों, कैमरून ग्रीन हों या ग्लेन मैक्सवेल हों।”

कोलकाता ने दिल्ली को 106 रनों से हराया

कोलकाता ने दिल्ली के खिलाफ रिकॉर्ड 273 रन का स्कोर खड़ा किया। दिल्ली को 106 रनों से हराया। अंगकृष के अलावा सुनील नरेन ने 39 गेंद पर 85 रन की पारी खेली। इसके अलावा आंद्र रसेल ने 19 गेंद पर 41 रन ठोके। रिंकू सिंह ने 8 गेंद पर 26 रन बनाए। 274 रन के टारगेट के जवाब में दिल्ली की टीम 166 रन पर आउट हो गई।