इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL 2023) में राजस्थान रॉयल्स के ओपनर बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने अपने प्रदर्शन से सुर्खियां बटोरी हैं। जायसवाल ने गुरुवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ बेहतरीन बल्लेबाजी की। उन्होंने 47 गेंद पर 98 रन ठोक दिए। इस पारी के दौरान उन्होंने 13 चौके और 5 छक्के लगाए। जायसवाल किस तरह की बल्लेबाजी कर रहे हैं या किस तरह की फॉर्म से गुजर रहे हैं, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि जोस बटलर ने अपने विकेट की बलि दे दी।
यशस्वी जायसवाल ने अपनी कलाई पर टैटू बना रखा है। उन्होंने ‘ट्रस्ट एंड बिलीव’ लिखवा रखा है। इसका मतलब है भरोषा और विश्वास। यशस्वी के जीवन में इन दो शब्दों का काफी महत्व है। उन्होंने खुद इसके बारे में बताया है। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने बताया है कि क्यों उन्होंने अपनी पर्मानेंट टैटू बनवाया।
यशस्वी जायसवाल ने क्यों बनवाया टैटू
यशस्वी ने कहा, “मैंने एक पर्मानेंट टैटू बनवाने का फैसला किया। मेरे लिए खुद पर भरोसा और विश्वास बहुत जरूरी है। यह मुझे याद दिलाता रहता है कि मैं कौन हूं और मुझे हमेशा खुद पर भरोसा और विश्वास क्यों करना चाहिए। ये दो शब्द अब मेरे जीवन में बहुत महत्वपूर्ण हैं।” उन्होंने गुरुवार को जब कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान नितीश राणा के खिलाफ पहली गेंद पर छक्का लगाने के लिए आगे निकले तो उन्हें खुद पर विश्वास था। उन्होंने राणा के पहले ओवर में 26 रन बटोरे।
यशस्वी जायसवाल में आया ये बदलाव
यशस्वी के कोच ज्वाला सिंह और खेलना शुरू करते वक्त टीम में उनके साथी अक्सर वानखेड़े में होते है। इनके साथ वह आजाद मैदान में टेंट में रहते थे। जायसवाल उन्हें टिकट दिलवाते हैं। इनमें से एक ने कहा, “अगर टीम मुंबई में खेल रही है तो वह हमें वानखेड़े में रहने के लिए कहते हैं। वह नहीं बदले हैं।” सिर्फ एक चीज बदली है वह धाराप्रवाह अंग्रेजी बोलने लगे हैं। यशस्वी इसे लेकर कहते हैं, ” इधर (आरआर) पे सब इंग्लिश में ही बोलते हैं, तो बस मैं भी सीख गया।”