इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL 2023) में मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स (RR) के ओपनर यशस्वी जायसवाल ने शतक जड़कर इतिहास रच दिया। यशस्वी ने अपने आईपीएल करियर का पहला शतक आईपीएल इतिहास के 1000वें मैच में लगाया। वह बतौर अनकैप्ड प्लेयर सर्वश्रेष्ठ पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए । इसके अलावा वह राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन को पीछे छोड़कर लीग में शतक लगाने वाले चौथे सबसे युवा क्रिकेटर बन गए। हालांकि, वह ऋषभ पंत को पीछे नहीं छोड़ पाए।
आईपीएल में अनकैप्ड खिलाड़ी के तौर पर सर्वश्रेष्ठ स्कोर किया अपने नाम
आईपीएल में अनकैप्ड खिलाड़ी के तौर पर सर्वश्रेष्ठ स्कोर पॉल वॉलथटी के नाम था। किंग्स 11 पंजाब (अब पंजाब किंग्स) की ओर से खेलते हुए उन्होंने साल 2011 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 120 रनों की नाबाद पारी खेली थी। यशस्वी जायसवाल ने वानखेड़े में मुंबई इंडियंस के खिलाफ उन्होंने 124 रनों की पारी खेलकर पीछे छोड़ दिया। इस मामले में ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ी शॉन मार्श तीसरे नंबर पर हैं। उन्होंने भी पंजाब की ओर से खेलते हुए साल 2008 में मोहाली में 115 रन बनाए थे। वहीं साल 2009 में सेंचुरीयन में डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के लिए खेलते हुए मनीष पांडे ने नाबाद 114 रन की पारी खेली थी। ये सभी बल्लेबाजों ने बतौर ओपनर यह पारी खेली।
मनीष पांडे शतक लगाने वाले आईपीएल के सबसे युवा बल्लेबाज
मनीष पांडे शतक लगाने वाले आईपीएल इतिहास के पहले भारतीय बल्लेबाज हैं। उन्होंने 19 साल और 253 दिन की उम्र में यह करनामा किया था। वह आईपीएल में शतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज हैं। दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत इस मामले में दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने दिल्ली में साल 2018 में 20 साल 218 दिन की उम्र में शतक जड़ा था। देवदत्त पडिक्कल ने आरसीबी की तरफ से 20 साल 289 दिन की उम्र में मुंबई के खिलाफ शतक जड़ा था। यशस्वी जायसवाल ने 21 साल 123 दिन की उम्र में शतक जड़ा। संजू सैमसन ने साल 2017 में पुणे में 22 साल 151 दिन की उम्र में शतक जड़ा था।
यशस्वी जायसवाल बेहतरीन फॉर्म में
आईपीएल 2023 में यशस्वी जायसवाल बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं। पिछली चार पारियों में उन्होंने बेहतरीन बल्लेबाजी की है। उन्होंने मुंबई के खिलाफ शतक से पहले जयपुर में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 43 गेंद पर 77 रन की पारी खेली थी। बैंगलोर में आरसीबी के खिलाफ 37 गेंद पर 47 रन बनाए थे। जयपुर में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 35 गेंद पर 44 रन बनाए। उन्होंने ऑरेंज कैप पर कब्जा जमा लिया।