इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL 2023) में राजस्थान रॉयल्स (RR) के ओपनर बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने काफी प्रभावित किया है। उन्होंने पंजाब किंग्स (PBKS) के प्लेऑफ की रेस से महत्वपूर्ण मैच में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक जड़ा। उन्होंने 36 गेंद पर 50 रन बनाए। इस पारी के दौरान उन्होंने इतिहास रचा। वह बतौर अनकैप्ड प्लेयर एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर शॉन मार्श के रिकॉर्ड को तोड़ा। मार्श ने पंजाब किंग्स (तब किंग्स 11 पंजाब) के लिए खेलते हुए 2008 में आईपीएल के पहले सीजन में यह रिकॉर्ड बनाया था।
शॉन मार्श ने तब 616 रन बनाए थे। यशस्वी ने 14 मैच में 48.08 के औसत और 163.61 के स्ट्राइक रेट से 625 रन बनाए हैं। वह ऑरेंज कैप की रेस में दूसरे नंबर पर हैं। यशस्वी 25 साल से कम उम्र में किसी आईपीएल सीजन में 600 रन बनाने वाले चौथे बल्लेबाज बने। इस सूची में केवल एक विदेशी खिलाड़ी है। शॉन मार्श के अलावा ऋषभ पंत ने 2018 में 684 और ऋतुराज गायकवाड़ ने 2021 में 635 रन बनाए थे। पंत और जायसवाल ने 22 साल के होने से पहले ही यह उपलब्धि हासिल कर ली।
यशस्वी जायसवाल ने वानखेड़े में जड़ा था शतक
यशस्वी जायसवाल ने इस सीजन एक शतक भी जड़ा है। मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ उन्होंने 124 रन की पारी खेली थी। उन्होंने यह पारी वानखेड़े स्टेडियम में खेली थी, जो घरेलू क्रिकेट में उनका घरेलू मैदान है। वह इस सीजन सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने वाले संयुक्त रूप से तीसरे बल्लेबाज है। उन्होंने 5 अर्धशतक जड़ा है।
यशस्वी जायसवाल ने जड़े सबसे ज्यादा चौके
यशस्वी जायसवाल ने इस सीजन अबतक का सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत स्कोर बनाया है। उन्होंने मुंबई के खिलाफ 62 गेंद पर 124 रन बनाए थे। 16 चौके और 8 छक्के जड़े थे। उन्होंने 26 छक्के जड़े हैं। वहीं सबसे ज्यादा चौका जड़े हैं। उन्होंने 82 चौके जड़े हैं। दूसरे नंबर पर शुभमन गिल हैं। उन्होंने 62 चौके जड़े हैं।
