इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL 2023) में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ करो या मरो मुकाबले में पंजाब किंग्स (PBKS) के कप्तान शिखर धवन गोल्डन डक पर पवेलियन लौट गए। इशांत शर्मा ने उन्हें लगातार दूसरे मैच में आउट किया। इससे पहले दिल्ली में दोनों टीमों के बीच खेले गए मैच में भी इशांत ने उन्हें पवेलियन भेजा था। इस मैच में उन्होंने गोल्डन डक पर पवेलियन भेज दिया।
214 रन का स्कोर चेज करने उतरी पंजाब किंग्स को पहला झटका दूसरे ओवर में 0 स्कोर पर लग गया। दिल्ली की ओर से गेंदबाजी की शुरुआत खलील अहमद ने की। पिछले मैच में शतक लगाने वाले प्रभसिमरन सिंह इस ओवर को मेडन खेल गए। अगले ओवर में इशांत ने पहली ही गेंद पर स्लिप में कैच करा दिया। धवन 41 पारियों बाद डक पर आउट हुए और उन्होंने पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर और शिखर धवन की शर्मनाक सूची में बराबरी कर ली।
शर्मनाक सूची में शामिल हुए शिखर धवन
आईपीएल में बतौर ओपनर सबसे ज्यादा डक पर आउट होने का रिकॉर्ड पार्थिव पटेल के नाम है। वह 11 बार आउट हुए है। वहीं शिखर धवन, गौतम गंभीर और अजिंक्य रहाणे 10-10 बार आउट हुए हैं। डेविड वार्नर 9 बार आउट हुए हैं। रहाणे को छोड़कर 4 बल्लेबाज बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। धवन ने इस सीजन 10 मैचों की 10 पारियों में 44.50 के औसत और 142.97 के स्ट्राइक रेट से 356 रन बनाए हैं।
दिल्ली कैपिटल्स ने 213 रन बनाए
दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच मैच की बात करें तो रिले रोसौव की 37 गेंद पर नाबाद 82 रन की पारी की मदद से दिल्ली कैपिटल्स ने में दो विकेट पर 213 रन बनाए । प्लेआफ की दौड़ से बाहर हो चुकी दिल्ली को पृथ्वी शॉ और डेविड वार्नर ने शानदार शुरुआत दिलाई। एक महीने बाद वापसी कर रहे पृथ्वी शॉ ने 54 रन बनाए। कप्तान डेविड वॉर्नर ने 31 गेंद में पांच चौकों और दो छक्कों के साथ 46 रन बनाए।