Shikhar Dhawan Is Set To Replace Mayank Agarwal As Captain: शिखर धवन (Shikhar Dhawan) आईपीएल 2023 में पंजाब किंग्स (Punjab Kings) के कप्तानी कर सकते हैं। ईएसपीएन क्रिकइंफो की खबर के मुताबिक, शिखर धवन पंजाब किंग्स में मयंक अग्रवाल की जगह लेंगे। शिखर धवन को कप्तान बनाने के लिए बुधवार 2 नवंबर 2022 को फ्रेंचाइजी बोर्ड की बैठक में मंजूरी दे दी गई। पंजाब किंग्स के नवनियुक्त मुख्य कोच ट्रेवर बेलिस ने भी धवन को कप्तानी सौंपने का समर्थन किया।

मयंक अग्रवाल से पहले युवराज सिंह, कुमार संगकारा, महेला जयवर्धने, एडम गिलक्रिस्ट, डेविड हसी, जॉर्ज बैली, वीरेंद्र सहवाग, डेविड मिलर, मुरली विजय, ग्लेन मैक्सवेल, रविचंद्रन अश्विन, केएल राहुल भी पंजाब किंग्स की कमान संभाल चुके हैं। मयंक अग्रवाल को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 के ठीक पहले ही टीम की कमान सौंपी गई थी। पंजाब किंग्स ने इस साल की शुरुआत में शिखर धवन को 8.25 करोड़ रुपए में खरीदा था।

शिखर धवन आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की सूची में दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने 206 मैच में 35.08 के औसत और 126.35 के स्ट्राइक रेट से 6244 रन बनाए हैं। आईपीएल (IPL) 2020 का सीजन भी उनका शानदार रहा था।

तब उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) के लिए लगभग 145 के स्ट्राइक रेट से 618 रन बनाए थे। दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें सनराइजर्स हैदराबाद से ट्रेड किया था। शिखर धवन ने पंजाब किंग्स के लिए अपने पहले सीजन में 14 मैच में 38.33 के औसत और 122.66 के स्ट्राइक रेट के साथ 460 रन बनाए थे।

मयंक अग्रवाल 2018 में प्रीति जिंटा (Preity Zinta) के सह मालिकाना हक वाली पंजाब किंग्स से जुड़े थे। आईपीएल 2021 सीजन तक उन्होंने पूर्व कप्तान केएल राहुल के साथ मजबूत ओपनिंग जोड़ी बनाई। आईपीएल 2022 के लिए उन्हें फ्रेंचाइजी ने कप्तान बनाया। हालांकि, उनके प्रदर्शन में गिरावट आई।

मयंक अग्रवाल 13 मैच में 16.33 के औसत से सिर्फ 196 रन ही बना पाए। टीम ने भी अच्छा प्रदर्शन नहीं किया। पंजाब किंग्स ने छठे स्थान के साथ सीजन का अंत किया। भारत के पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री ने भी एक कार्यक्रम में मयंक अग्रवाल को कप्तानी से मुक्त करने का सुझाव दिया था।

शिखर धवन आईपीएल (IPL) में सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में से एक हैं। वह 2008 में उद्घाटन सत्र के बाद से टूर्नामेंट का हिस्सा रहे हैं। उन्हें एकदिवसीय मैचों में भारतीय टीम की अगुआई करने का भी मौका मिल रहा है। न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैच की वनडे सीरीज में भी वह टीम इंडिया की कमान संभालेंगे।

धवन आईपीएल में भी 11 मुकाबलों (2014 में सनराइजर्स में 10 और 2022 में पंजाब किंग्स के लिए एक) में कप्तानी कर चुके हैं। इसमें उन्हें 4 में जीत और 7 में हार मिली है। अब यह देखना बाकी है कि पंजाब किंग्स मयंक अग्रवाल को रिटेन करती है या रिलीज करती है। फ्रेंचाइजी के पास रिटेन खिलाड़ियों की सूची जमा करने के लिए 15 नवंबर तक का समय है।